गीता देवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में तीन दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम की शुरुआत
देवघर: क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, झारखंड ज़ोन-बी एवं डीएवी सीएमसी, डीएवी सीएई के तत्वावधान में शिक्षकों हेतु तीन दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम के शुभारम्भ में शिक्षक सन्निवा पतांडी द्वारा सभी प्राचार्यों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजिद ने बी.एन. साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, बुलाकी रोड, गिरिडीह की प्राचार्या प्रेरणा शंखधर को पौधा भेंट कर उनका अभिनंदन किया तत्पश्चात गायत्री मंत्रोच्चारण तथा प्राचार्य द्वय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रशिक्षण की शुरुआत हुई।

प्राचार्य मजिद जी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि हमें निरंतर “सीखना, पुरानी बातों को छोड़कर पुनः सीखना” चाहिए। हमें अपने ज्ञान और कौशल से स्वयं को सशक्त बनाना होगा तथा प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों एवं सीख को विद्यार्थियों के हित में कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू करना होगा।ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के ज्ञान एवं कौशल को अद्यतन रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में सहायक होते हैं।
प्राचार्या प्रेरणा शंखधर ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं। विद्यार्थी सदैव शिक्षकों से विद्वत्तापूर्ण ज्ञान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की अपेक्षा रखते हैं। अतः हमें अपनी शिक्षण गुणवत्ता को और अधिक उन्नत करना चाहिए तथा निर्धारित अधिगम परिणामों को कक्षाओं में प्रभावी रूप से पढ़ाकर डीएवी के विद्यार्थियों को सशक्त बनाना चाहिए। प्रशिक्षण में गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला एवं कास्टर टाउन, देवघर, बी.एन. साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, बुलाकी रोड एवं सिरसिया,गिरिडीह के 140 शिक्षक शिक्षिकाओं ने अंग्रेज़ी, गणित, हिंदी, आईसीटी, ईवीएस, सामाजिक विज्ञान, इतिहास, नागरिक शास्त्र, भूगोल, राजनीति विज्ञान, लेखाशास्त्र, व्यवसाय अध्ययन, अर्थशास्त्र, शारीरिक शिक्षा, संस्कृत एवं पुस्तकालय विज्ञान के विषय में प्रशिक्षण प्राप्त किया। संसाधन व्यक्तियों ने सहभागितापूर्ण गतिविधियों, समूह चर्चा तथा व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण की नवीन तकनीकों से अवगत कराया। उपस्थित शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने अनुभव साझा किए और कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया।कार्यक्रम के प्रथम दिवस का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। उक्त आशय की जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।

