आजसू पार्टी देवघर विधानसभा कार्यालय का हुआ उद्घाटन
देवघर: आजसू पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा क्षेत्र की जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आज देवघर विधानसभा क्षेत्र में आजसू पार्टी के नए विधानसभा कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव राजा साहनी एवं आजसू पार्टी देवघर जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और जोश से भरा रहा। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के नारों के साथ अपने नेताओं का स्वागत किया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय सचिव राजा साहनी ने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा जनता के हितों और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। नया विधानसभा कार्यालय क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों तक प्रभावी ढंग से आवाज पहुंचाई जाएगी। साथ ही युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं एवं वंचित वर्गों के हितों की रक्षा के लिए पार्टी निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
देवघर जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यालय केवल एक भवन नहीं बल्कि जनता की उम्मीदों और विश्वास का केंद्र होगा। यहां क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली एवं पेयजल जैसी जनहित से जुड़ी आवश्यकताओं पर लगातार कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और यह नया कार्यालय संगठनात्मक गतिविधियों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए कार्य करना है। कार्यालय के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ने, सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष कुंदन शर्मा, जिला सचिव अविनाश कुमार, रवि झा, नयन राज साहनी, गौतम राय, महेंद्र महथा, गौतम राउत सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सैकड़ों समर्थक उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने संगठन की मजबूती और जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

