देवघर (शहर परिक्रमा)

एम्स देवघर में पहली बार उन्नत पेसमेकर प्रत्यारोपण सफल, संताल परगना के मरीजों को मिलेगा आधुनिक हृदय उपचार

देवघर: संताल परगना क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एम्स देवघर ने पहली बार अत्याधुनिक Left Bundle Branch Area Pacing (LBBAP) तकनीक के माध्यम से Permanent Pacemaker Implantation सफलतापूर्वक किया है। इस सफलता से क्षेत्र के हृदय रोगियों को अब उन्नत उपचार के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।

    जानकारी के अनुसार, देवघर की 60 वर्षीय महिला पिछले एक महीने से बार-बार चक्कर आने, बेहोशी जैसा महसूस होने तथा अचानक गिर जाने की समस्या से परेशान थीं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि उन्होंने घर से बाहर निकलना लगभग बंद कर दिया था। जांच में पता चला कि वे Sick Sinus Syndrome नामक हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं, जिसमें हृदय की प्राकृतिक पेसमेकर प्रणाली ठीक से कार्य नहीं करती।
मरीज को विशेष उपचार के लिए एम्स देवघर के कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. सी.बी. पांडेय और डॉ. स्मारकरंजन राउत के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अत्याधुनिक LBBAP तकनीक से सफलतापूर्वक पेसमेकर प्रत्यारोपित किया। ऑपरेशन के बाद मरीज की सभी शिकायतें समाप्त हो गईं और उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

    विशेषज्ञों के अनुसार, यह तकनीक पारंपरिक पेसमेकर प्रत्यारोपण की तुलना में अधिक उन्नत मानी जाती है। इसमें हृदय की प्राकृतिक विद्युत संचरण प्रणाली का उपयोग किया जाता है, जिससे धड़कनों का समन्वय बेहतर बना रहता है और लंबे समय तक हृदय की कार्यक्षमता को बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्नत उपकरणों, विशेष प्रशिक्षण और उच्च तकनीकी दक्षता की आवश्यकता के कारण यह सुविधा वर्तमान में देश के चुनिंदा कार्डियक केंद्रों में ही उपलब्ध है।
     इस उपलब्धि के साथ एम्स देवघर झारखंड के उन चुनिंदा चिकित्सा संस्थानों में शामिल हो गया है, जहां यह आधुनिक तकनीक उपलब्ध है। इससे देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, साहिबगंज और आसपास के जिलों के मरीजों को अब ऐसे उपचार के लिए रांची, कोलकाता या अन्य महानगरों की यात्रा करने की आवश्यकता कम होगी।
     कार्डियोलॉजी विभाग ने इस सफलता का श्रेय संस्थान के निदेशक के निरंतर मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग को देते हुए कहा कि भविष्य में भी मरीजों को विश्वस्तरीय हृदय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नई तकनीकों को अपनाया जाता रहेगा।
यह उपलब्धि न केवल एम्स देवघर के लिए बल्कि पूरे संताल परगना क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *