गोड्डा

धनबाद में 22 जून को आजसू का 40वां स्थापना दिवस, आक्रोश मार्च में शामिल होने की अपील

गोड्डा: आजसू पार्टी के 40वें स्थापना दिवस के अवसर पर 22 जून 2026 को धनबाद में आयोजित होने वाले समारोह एवं आक्रोश मार्च को लेकर पार्टी ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के केंद्रीय सचिव सह गोड्डा जिला प्रभारी ध्रुव प्रसाद साह ने गोड्डा, देवघर और संथाल परगना प्रमंडल के कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में धनबाद पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

    ध्रुव प्रसाद साह ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि 22 जून का दिन आजसू के संघर्ष और झारखंड आंदोलन के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य गठन के बाद भी शहीदों के सपनों का राज्य नहीं बन पाया है। राज्य में माफियाराज, बढ़ता भ्रष्टाचार, पुलिसिया दमन और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले जैसी समस्याएं गंभीर चिंता का विषय हैं।
     उन्होंने कहा कि पार्टी “माफियाओं के आतंक एवं पुलिसिया जुल्म के खिलाफ जंग का ऐलान” करते हुए धनबाद में ऐतिहासिक आक्रोश मार्च आयोजित करेगी। उनका कहना था कि अन्याय, उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और सत्ता के अहंकार के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करने का समय आ गया है।
     ध्रुव प्रसाद साह ने गोड्डा, देवघर और संथाल परगना क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जिला परिषद सदस्यों, प्रखंड प्रमुखों, उपप्रमुखों तथा युवा और छात्र इकाई के कार्यकर्ताओं से केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो के आह्वान पर धनबाद पहुंचने का आग्रह किया।
     उन्होंने बताया कि आक्रोश मार्च के माध्यम से पुलिसिया दमन, माफियाराज, भ्रष्टाचार, अपराध, लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले तथा शिक्षा, सम्मान, अधिकार और न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संचालित होगा।
ध्रुव प्रसाद साह ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए भी पार्टी अभियान चला रही है। उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय समिति के निर्णय के अनुसार 5 जुलाई को रांची में महिला महाधिवेशन तथा 7-8 अगस्त को जमशेदपुर में युवा आजसू महाधिवेशन आयोजित किया जाएगा।
     उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों, नगर एवं महानगर अध्यक्षों, अनुषंगी इकाइयों के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से समय पर धनबाद पहुंचकर जनसंघर्ष को नई ऊर्जा देने और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *