देवघर (शहर परिक्रमा)

डीएवी कास्टर टाउन में धूमधाम से मनाया गया वन महोत्सव, पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प

देवघर: आज दिनांक 08.07.2026​ स्थानीय गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन,देवघर के प्रांगण में ‘वन महोत्सव’ का आयोजन बेहद उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्राचार्य के निर्देशन में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों  ने मिलकर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया और पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अभिषेक भूषण डीएफओ,देवघर का स्वागत तिलक और आरती के साथ प्राचार्य ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया।

     कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय के प्राचार्य शुभाशीष चट्टराज एवं मुख्य अतिथि के द्वारा पहला पौधा लगाकर किया गया।इसके बाद विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में कई छायादार व फलदार पौधे लगाए।​
​       वन महोत्सव के अंतर्गत छात्रों के बीच पर्यावरण संरक्षण के महत्त्व को दर्शाने के लिए  सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नुक्कड़ नाटक,नृत्य,पोस्टर मेकिंग और वृक्षों के महत्त्व पर भाषण आदि का आयोजन किया गया।
      छात्रों ने एक मर्मस्पर्शी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया,जिसमें पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से होने वाले नुकसान और ग्लोबल वार्मिंग के खतरों के प्रति सचेत किया गया।
​     पोस्टर मेकिंग के जरिए बच्चों ने ” धरती को हरा-भरा बनाएँ ” विषय पर बेहद आकर्षक और संदेशपरक पोस्टर बनाया।
​     विद्यार्थियों ने ‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
      मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अभिषेक भूषण ने कहा कि वन महोत्सव भारत में लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु मनाया जाता है। पेड़ ग्लोबल वार्मिंग को रोकने और प्रदूषण को कम करने में मदद करते हैं। यदि वृक्ष नहीं होंगे तो पृथ्वी पर जीवन लगभग समाप्त हो जाएगा। वृक्षों से हमें ऑक्सीजन प्राप्त होता है।अगर वृक्ष नहीं होंगे तो ऑक्सीजन नहीं होगा और हम सभी प्राणियों का जीवित रहना मुश्किल हो जाएगा।अभी भी समय है कि हम जागरूक हो जाएंँ और वृक्षारोपण करके वनों को संरक्षित करें।
     इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य शुभाशीष चट्टराज ने कहा कि ​वृक्ष हमारे जीवन के आधार हैं।आज के समय में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए केवल पेड़ लगाना ही काफी नहीं है,बल्कि उनकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। गीता देवी डीएवी स्कूल हमेशा से ही बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम जगाने का प्रयास करता रहा है।
​     कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित बच्चों को पर्यावरण को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ दिलाई गई।
    कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की अहम भूमिका रही।उक्त बातों की जानकारी मीडिया प्रभारी अमित कुमार सिंह ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *