देवघर (शहर परिक्रमा)

डीएवी भंडारकोला में छात्र परिषद के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं अलंकरण समारोह संपन्न

देवघर: गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला में सत्र 2026-27 के लिए चयनित स्टूडेंट काउंसिल के पदाधिकारियों का भव्य पदग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साइबर डीएसपी श्री कैलाश प्रसाद महतो थे। विद्यालय परिसर में उनके आगमन पर एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने एएनओ परेश ब्रह्मा के निरीक्षण में गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया तथा छात्राओं ने  तिलक लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।

      कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। तत्पश्चात मुख्य अतिथि का सम्मान स्मृति-चिह्न एवं पौधा भेंट करके किया गया। अपने संबोधन में साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो ने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन, ईमानदारी तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एक सच्चा छात्र नेता अपने अधिकारों से अधिक अपने कर्तव्यों को महत्व देता है और विद्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने सभी को किसी भी मुश्किल घड़ी में 112 नंबर पर डायल करने के लिए भी कहा।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने कर्णप्रिय स्वागत गीत, मनमोहक लोक नृत्य एवं उत्साहवर्धक चीयर-अप डांस की  प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद द्वारा नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद हेड बॉय सोमनाथ झा एवं हेड गर्ल प्रिया कुमारी ने छात्र परिषद के सभी पदाधिकारियों को ईमानदारी, अनुशासन, सेवा एवं नेतृत्व की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि छात्र परिषद विद्यालय की अनुशासन व्यवस्था और नेतृत्व क्षमता का महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने सभी निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों से निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
      इस वर्ष छात्र परिषद में हेड बॉय– सोमनाथ झा, हेड गर्ल– प्रिया कुमारी, डिप्टी हेड बॉय– शिवम गुप्ता, डिप्टी हेड गर्ल– कृतिका, जूनियर सेक्शन के हेड बॉय– विराट कुमार मंडल, हेड गर्ल– शगुन कुमारी, डिप्टी हेड बॉय– रुद्र प्रताप, डिप्टी हेड गर्ल– आराध्या झा सहित अनुशासन, खेल, सीसीए, साहित्य एवं चारों सदनों (दयानंद, अरविंदो, विवेकानंद एवं श्रद्धानंद) के कप्तानों एवं उप-कप्तानों को भी दायित्व सौंपे गए। साथ ही जूनियर छात्र परिषद के पदाधिकारियों एवं हाउस कैप्टन-प्रीफेक्ट्स को भी सम्मानित कर नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई।
      कार्यक्रम का सफल संचालन  विद्यालय के शिक्षकों परेश ब्रह्मा, प्रवीर राय,नितेश कुमार, अभिषेक सूर्य, दीपिका सिन्हा, नीलम चौधरी, आशुतोष मिश्रा, उर्वशी वत्स, तापस पॉल के अलावा समस्त शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर मार्गदर्शन में किया गया। अंत में डिप्टी हेड बॉय एवं डिप्टी हेड गर्ल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा शांति पाठ के साथ समारोह का समापन हुआ। इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *