देवघर (शहर परिक्रमा)

पुनासी डैम व सिकटिया बराज में भारी संख्या में डाला गया मत्स्य बीज

देवघर: जिले में मत्स्य पालन से लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से जलाशयों में फिंगरलिंग संचयन के तहत मछली का बीज छोड़ा जा रहा हैं। इस कड़ी में कल सिकटिया बराज में लगभग 09 लाख और आज पुनासी डैम में 14 लाख फिंगरलिंग संचयन के तहत मछली का बीज छोड़ा गया हैं।

इस दौरान उपायुक्त विशाल सागर ने ज्यादा से ज्यादा विस्थापित परिवारों को मत्स्य पालन व केज कल्चर से जोड़ने निदेश जिला मत्स्य पदाधिकारी को दिया, ताकि मत्स्य पालन से जुड़े परिवारों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें आय के मार्ग से जोड़ा जा सके। इसके अलावे उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया कि पुनासी डेम और सिकटिया बराज के माध्यम से मत्स्य विकास की प्रचुर संभावनाएं हैं। ऐसे में संबंधित विभाग की ओर से समेकित प्रयास की आवश्यकता है, ताकि मत्स्य पालन हेतु आधुनिक तकनीकों तथा पद्धतियों का समुचित उपयोग करते हुए अधिक से अधिक परिवारों को मत्स्य पालन हेतु प्रेरित किया जा सके।