देवघर (शहर परिक्रमा)

देवघर नगर निगम ने तीन जर्ज़र भवनों को किया ध्वस्त

देवघर: नगर आयुक्त रोहित सिन्हा के आदेश पर देवघर नगर निगम की टीम ने टॉवर चौक स्थित खतरनाक और जर्जर भवन को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में जिला प्रशासन और पुलिस बल का भी सहयोग रहा। निगम द्वारा कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद जब भवन स्वामियों ने आवश्यक कदम नहीं उठाए, तो प्रशासन ने यह सख्त कार्रवाई की।

आगामी महाशिवरात्रि और शिव बारात के मद्देनजर यह ध्वस्तीकरण आवश्यक था, क्योंकि यह भवन बारात मार्ग पर पड़ता था और इससे आम जनता को गंभीर खतरा हो सकता था।

इसके अलावा, निगम ने तीन अन्य खतरनाक इमारतों को भी तोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है—एक टॉवर चौक पर और दो आज़ाद चौक के पास स्थित हैं।

नगर आयुक्त रोहित सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि निगम और जिला प्रशासन इस मुद्दे को लेकर बेहद गंभीर हैं, क्योंकि इससे भवन में रहने वालों और आम जनता की जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने उन भवन मालिकों को चेतावनी दी जिनके खिलाफ नोटिस जारी किए गए हैं, कि वे स्वयं अपने भवन को सुरक्षित करें या ध्वस्त करें, अन्यथा यदि कोई दुर्घटना होती है, तो पूरी जिम्मेदारी उनकी होगी।

ध्वस्तीकरण के दौरान सहायक नगर आयुक्त गौरव कुमार, सहायक अभियंता पारस, सिटी मैनेजर प्रकाश मिश्रा और रोड कूली हेड कन्हैया राम, सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।

सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।