दिवाकर यादव का असमय जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है: बाबूलाल मरांडी
दुमका: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शनिवार को जिले के जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बलाथर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में दिवंगत हुए भाजपा मंडल महामंत्री दिवाकर यादव के परिजनों से भेंट कर अपनी शोक-संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर श्री मरांडी के साथ भाजपा झारखंड के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद एवं दुमका जिलाध्यक्ष गौरवकांत प्रसाद मौजूद रहे। श्री मरांडी ने दिवंगत दिवाकर यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे पार्टी के एक समर्पित, संघर्षशील और जमीनी कार्यकर्ता थे, जिनका असमय जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है।
कुछ दिन पूर्व मधुमक्खियों के डंक से घायल हुए दिवाकर यादव जी को समुचित इलाज नहीं मिल पाने के कारण दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उनका दुखद निधन हो गया। इस घटना ने जिले की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।
श्री मरांडी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं इस हद तक जर्जर हो चुकी हैं कि एक सामान्य उपचार के अभाव में एक कार्यकर्ता की जान चली जाती है। उन्होंने झारखंड सरकार से मांग कि दिवंगत नेता के परिजनों को यथोचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। भाजपा संगठन इस दुख की घड़ी में दिवाकर यादव जी के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
संवाददाता: आलोक रंजन