8 जून: विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस
विश्व ब्रेन ट्यूमर दिवस प्रतिवर्ष 8 जून को मनाया जाता है। चिकित्सा विशेषज्ञों का यह मानना है कि विश्व भर में हर दिन एक लाख में से दस लोग ब्रेन ट्यूमर के कारण मरते हैं। ‘ब्रेन ट्यूमर दिवस’ पर विश्व के अनेक देशों में कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं, जिनमें इस बीमारी के लक्षणों और इसके उपचार के बारे में आवश्यक जानकारियाँ दी जाती हैं। ब्रेन ट्यूमर सबसे घातक बीमारियों में गिनी जाती है। मस्तिष्क कैन्सर यानी ब्रेन ट्यूमर एक खतरनाक रोग है। समय रहते इसका उचित इलाज नहीं कराया गया तो यह जानलेवा साबित होता है। जब मानव शरीर में कोशिकाओं की अनावश्यक वृद्धि हो, लेकिन शरीर को इन अनावश्यक वृद्धि वाली कोशिकाओं की आवश्यकता न हो, तब इस अवस्था को ही कैंसर के नाम से जाना जाता है। ब्रेन के किसी हिस्से में पैदा होने वाली असामान्य कोशिकाओं की वृद्धि ब्रेन ट्यूमर के रूप में प्रकट होती है। यह दिवस वर्ष 2000 से प्रतिवर्ष 8 जून को मनाया जाता है।
इस दिवस को सबसे पहले जर्मन ब्रेन ट्यूमर एसोसिएशन द्वारा मनाया गया था। यह ब्रेन ट्यूमर के बारे में लोगों के बीच शिक्षा और जन-जागरूकता प्रसारित करने वाला एक गैर लाभकारी संगठन है। जर्मनी में घातक ब्रेन ट्यूमर सामान्यत: पाया जाता है। इस बीमारी से अकेले जर्मनी में आठ हज़ार से अधिक लोग पीड़ित हैं। विश्व भर में प्रतिदिन ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित होने वाले पांच सौ से अधिक नए मामलों की जानकारी प्राप्त होती है। अधिकांश ट्यूमर से पीड़ित होने वाले रोगियों की संख्या ट्यूमर की तुलना में ब्रेन मेटास्टेसिस के कारण अधिक होती है। यह बच्चों में कैंसर का सबसे सामान्य प्रकार होता है। भारत में ब्रेन ट्यूमर की व्यापकता और प्रसार बढ़ता जा रहा है। बचपन में होने वाले कैंसर के अध्ययन के अनुसार, ब्रेन ट्यूमर लड़कियों में सामान्यत: पाया जाता है। यहाँ तक कि यह वयस्क स्त्री और पुरुष दोनों लिंगों में भी पाया जाता है। हालांकि स्थितियों के बीच कुछ भिन्नता हो सकती है।
भारत सरकार ने ब्रेन ट्यूमर की रोकथाम, स्क्रीनिंग, रोग का जल्दी पता लगाने, निदान और अंतिम चरण में उपशामक देखभाल उपचार प्रदान करने के लिए अनेक उद्देश्यों की पूर्ति के साथ ‘राष्ट्रीय कैंसर नियंत्रण कार्यक्रम’ शुरुआत की है। ब्रेन ट्यूमर किसी भी उम्र में हो सकता है। इसके होने के सही कारण स्पष्ट नहीं है। इसके लक्षण उनके आकार, प्रकार और स्थान पर निर्भर करते हैं। वयस्कों के बीच प्राथमिक ब्रेन ट्यूमर का सबसे सामान्य प्रकार एस्ट्रोसाइटोमा, मस्तिष्कावरणार्बुद और ओलिगोडेन्ड्रोग्लियोमा हैं।
बच्चों में पाए जाने वाले ब्रेन ट्यूमर का सबसे सामान्य प्रकार मेडुलोब्लास्टोमा, ग्रेड एक या ग्रेड दो एस्ट्रोसाइटोमा, एपिन्डाइमोमा और ब्रेन स्टेम ग्लियोमा हैं। इस बीमारी से पीड़ित होने वाले ज़ोखिम के कारकों में पारिवारिक इतिहास एवं अधिक से अधिक संख्या में एक्सरे कराना हो सकते हैं। चिकित्सक द्वारा ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित होने का निर्धारण, चिकित्सीय इतिहास, शारीरिक परीक्षण तथा ब्रेन एवं तंत्रिका तंत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण परीक्षणों के आधार पर किया जाता हैं। इस बीमारी के वैकल्पित उपचारों में शल्य चिकित्सा, विकिरण चिकित्सा और कीमोथेरेपी या उपचारों का समन्वय शामिल हैं।
