देवघर की छात्रा अनुष्का को NEET 2025 में उल्लेखनीय सफलता
देवघर: कठिन परिस्थितियों और जीवन की चुनौतियों को मात देते हुए बेलाबगान, दुर्गाबाड़ी, देवघर निवासी अनुष्का कुमारी ने NEET 2025 परीक्षा में 543 अंक अर्जित कर ऑल इंडिया रैंक 15,639 और OBC श्रेणी में 6,871वीं रैंक प्राप्त की है। यह सफलता न केवल उनके अथक परिश्रम और संकल्प का प्रतीक है, बल्कि उनके परिवार और शिक्षकों के अटूट सहयोग की भी मिसाल है।
अनुष्का के पिता स्व रविकांत सिन्हा का निधन उस समय हो गया था जब वह केवल चार वर्ष की थीं। इसके बाद उनकी मां रिंकू सिन्हा ने अकेले दम पर न सिर्फ उन्हें पाला-पोसा, बल्कि हर कठिनाई का सामना करते हुए उन्हें एक उज्ज्वल भविष्य की दिशा दी। उनके दोनों भाई रौनक कुमार और रौशन कुमार भी हर कदम पर उनके साथ खड़े रहे और उनका मनोबल बढ़ाते रहे।
अनुष्का बताती है कि कक्षा 11 में जब उन्होंने गुरुकुल संस्थान में प्रवेश लिया, तभी से उनके जीवन की दिशा बदली। वहीं उन्हें उनके शिक्षक रवि सर और एकता मैम का मार्गदर्शन मिला। इन दोनों शिक्षकों ने न सिर्फ उन्हें शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाया, बल्कि डॉक्टर बनने का सपना देखने की हिम्मत भी दी।
आज जब वे NEET जैसी कठिन परीक्षा में सफल हुई हैं, तो इसका श्रेय वे पूरी विनम्रता के साथ अपनी मां, भाइयों और अपने शिक्षकों को देती हैं।
अनुष्का का अगला लक्ष्य एक कुशल और संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है, ताकि वह अपने जीवन की चुनौतियों को दूसरों की मदद का जरिया बना सकें।


