देवघर (शहर परिक्रमा)

मिड-डे मील योजना की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय बैठक संपन्न

देवघर: आज दिनांक 26.06.2025 को उप विकास आयुक्त पीयुष सिन्हा की अध्यक्षता में मिड-डे मील योजना की प्रगति एवं प्रभावशीलता की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिड-डे मील योजना के प्रभाव को लेकर गंभीरतापूर्वक चर्चा की गई और विभिन्न पहलुओं पर सुधार हेतु दिशा-निर्देश दिये गए l

इसके अलावा बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने जिले के प्रदर्शन में पीछे रह गए 50 विद्यालयों और प्रत्येक प्रखंड के सबसे कमजोर 10 विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति में सुधार पर विशेष बल दिया गया। साथ ही इन विद्यालयों की प्रगति हेतु लक्ष्य निर्धारित कर सभी सम्बंधित को गंभीरता पूर्वक संयुक्त रूप से काम करने का निर्देश दिया गया। आगामी समीक्षा बैठक विशेष रूप से इन्हीं विद्यालयों की प्रगति पर केंद्रित होगी, ताकि यह आकलन किया जा सके कि निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में कितना सुधार हुआ है। आगे उन्होंने चावल वितरण की स्थिति पर चर्चा करते हुए निर्देश दिया कि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी प्रत्येक विद्यालय में चावल के वितरण की नियमित जांच करें। जिन विद्यालयों में चावल समय पर नहीं पहुँच रहा है, उनकी पहचान कर उसकी रिपोर्ट तैयार करें l यह रिपोर्ट सभी विद्यालयों के लिए एकीकृत रूप से प्रस्तुत करें, ताकि खाद्यान्न आपूर्ति की स्थिति में पारदर्शिता लाई जा सके।

बैठक के दौरान पूरक पोषण के अंतर्गत प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को अंडा या फल (जैसे केला) वितरित किया जाना सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। इसके लिए प्रत्येक प्रखंड में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी द्वारा ऑडिट रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया तथा उपस्थित पदाधिकारियों को यह बताया गया कि गुणवत्ता की जांच हेतु प्रत्येक प्रखंड से 10 विद्यालयों का यादृच्छिक चयन कर पूरक पोषण वितरण की स्थिति का फीडबैक लिया जाएगा। इसके अलावा उपविकास आयुक्त द्वारा यह भी स्पष्ट किया कि मिड-डे मील योजना बच्चों के पोषण स्तर में सुधार हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः इसकी गुणवत्ता, समयबद्धता और नियमितता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे समर्पण भाव से इस योजना के सफल क्रियान्वयन में अपनी भूमिका निभाएँ।

इस बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DSE), प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) तथा ए.बी.एफ शामिल हुए।