जागरूकता रैली को जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला खेल पदाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
दुमका: अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत भारत स्काउट एवं गाइड दुमका के पदाधिकारियों एवं सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स दुमका के गाइड्स एवं शिक्षक शिक्षिकाओं ने गुरुवार को शहर में एक जागरूकता रैली निकाली। जिला शिक्षा पदाधिकारी भुतनाथ रजवार एवं जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्धार ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को डीसी चौक से रवाना किया। नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए रैली में उपस्थित स्काउट्स एवं गाइड्स को सम्बोधित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी भुतनाथ रजवार ने कहा कि नशा सेवन करने से शरीर के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति भी खोकला हो जाता है।श्री रजवार ने कहा कि राष्ट्र के सर्वांगीण विकास एवं जन जन की खुशहाली के लिए राष्ट्र को पूर्ण नशा मुक्त कराना होगा।कहा कि जिस परिवार के लोगों को नशा का लत लग जाता है वह पूरा परिवार बिखर जाता है। कहा कि नशा करने से जन धन दोनों की क्षति होती है। डीइओ ने कहा कि परिवार की खुशहाली एवं एवं अपने नॉनिहालो के उज्जवल भविष्य के लिए नशा को त्यागना पड़ेगा।

डीइओ श्री रजवार ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान में स्वंय ब्रांड एम्बेसडर बनकर हर स्काउट गाइड समाज के लोगों को कोई भी नशा नही करने के लिए जागरूक कर सकते हैं। श्री रजवार ने नशा मुक्ति के लिए एक नारा देते हुए कहा कि हम सबका यही है सपना नशा मुक्त हो भारत अपना।मौके पर उपस्थित जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्धार ने कहा कि जीवन अनमोल है इसको नशा पान करके मत गवाईये।खेल पदाधिकारी श्री पोद्धार ने कहा कि नशा का सेवन करने से हम कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो जाते हैं। कहा कि नशा करने से शारीरिक क्षमता भी कम हो जाती है।जागरूकता रैली के समापन के बाद सभी लोगों ने स्वंय नशा नही करने एवं आसपड़ोस के लोगो को नशा नही करने के लिए जागरूक करने हेतु शपथ ली। मौके पर मुख्य जिला आयुक्त हरिश्चंद्र चौधरी,सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स दुमका की प्रभारी प्राचार्या सुनीता टुडू,पूर्व प्रभारी प्राचार्या विभा कुमारी,शिक्षिका डोली सुमन कश्यप, पिंकी टुडू, शिक्षक तरुण कुमार पंडित,गणेश पासवान, सेवानिवृत्त शिक्षक शम्भूनाथ मिश्रा, जिला संगठन आयुक्त अपरेश कुमार, अनुराग नन्दन,सीनियर स्काउट हरिमोहन एवं सीनियर गाइड अनुप्रिया मराण्डी के अलावे 100 गाइड्स उपस्थित थी ।

