दुमका (शहर परिक्रमा)

SKMU में नौ माह बाद अभिषद की बैठक सम्पन्न, 40 एजेंडों पर चर्चा कर लिया गया निर्णय


दुमका: सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका में शनिवार को कुलपति प्रो. (डॉ.) कुनुल कंदिर की अध्यक्षता में लगभग नौ माह बाद अभिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो. बिमल प्रसाद सिंह समेत अभिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में कुल 40 एजेंडों पर विस्तृत चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उल्लेखनीय है कि लंबे समय से विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की अनुपस्थिति के कारण अभिषद की बैठक आयोजित नहीं हो पा रही थी। यदि कभी बैठक हुई भी, तो वह सीमित एजेंडों तक ही सीमित रही, जिनकी पूर्व स्वीकृति राजभवन से प्राप्त होती थी। पिछली अभिषद की बैठक 31 अगस्त 2024 को संपन्न हुई थी। अब लगभग नौ महीने बाद कुलपति की स्थायी नियुक्ति होने के बाद यह बैठक आयोजित हो सकी।
बैठक के दौरान झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की अनुशंसा पर डॉ. राजीव रंजन शर्मा को विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार पद पर नियुक्त करने के प्रस्ताव को अभिषद ने मंजूरी दे दी। अभिषद ने जेपीएससी की अनुशंसा के आलोक में डॉ. शर्मा को अधिकतम चार वर्षों तक अथवा 60 वर्ष की आयु तक (जो भी पहले हो) के लिए नियुक्त करने का निर्णय लिया। ज्ञात हो कि इससे पूर्व विश्वविद्यालय द्वारा गठित त्रिसदस्यीय समिति के माध्यम से डॉ. शर्मा के सभी दस्तावेजों का सत्यापन पूर्ण किया जा चुका है।

इसके अतिरिक्त बैठक में विभिन्न तिथियों को आयोजित क्रय-विक्रय समिति, अनुशासन समिति, भवन समिति, वित्त समिति, एकेडमिक काउंसिल, परीक्षा बोर्ड, वेतन निर्धारण समिति समेत अन्य स्थायी समितियों के निर्णयों को अनुमोदित करते हुए उन्हें संपुष्ट किया गया। साथ ही राज्य सरकार द्वारा प्राप्त नियमावलियों तथा नियमावली के प्रारूपों को भी सहमति प्रदान की गई।
अन्य विषयों पर चर्चा के दौरान अभिषद के सदस्य डॉ. एस एन ने शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की, जिस पर कुलपति ने स्पष्ट किया कि आगामी एक माह के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर जेपीएससी को आवश्यक प्रस्ताव भेजे जाएंगे। बैठक में मधुपुर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रत्नाकर भारती ने विश्वविद्यालय के अधीन विभिन्न महाविद्यालयों में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की भारी कमी की ओर ध्यान आकर्षित किया, वहीं स्नातकोत्तर प्राणीविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नीलेश कुमार ने विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन केंद्रीय पुस्तकालय के शीघ्र पूर्ण किए जाने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
बैठक के समापन पर कुलपति प्रो. डॉ. कुनुल कंदिर ने सभी सदस्यों को सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन और सभी अंग इकाइयाँ मिलकर शिक्षा, प्रशासन और गुणवत्ता के क्षेत्र में नए मापदंड स्थापित करेंगी।
बैठक में डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. जयनेंद्र यादव, कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार, राज्यपाल मनोनीत सदस्य डॉ. एस.एन. सिंह, मधुपुर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रत्नाकर भारती, साहेबगंज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एस.आर.आई. रिजवी, स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. टी.पी. सिंह, स्नातकोत्तर जंतु विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. निलेश कुमार तथा आमंत्रित सदस्य के रूप में वित्त पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार सिन्हा और परीक्षा नियंत्रक डॉ. जय कुमार साह उपस्थित थे।