दुमका (शहर परिक्रमा)

प्रोफेसर के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर छात्र समन्वय समिति ने प्रिंसिपल को सौंपा ज्ञापन


दुमका: जिले के एसकेएमयू विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले आदित्य नारायण कॉलेज में एक 19 वर्षीय छात्रा के साथ एक प्रोफेसर डॉ नीरज प्रसाद द्वारा अनुचित रूप से यौन स्पर्श, छेड़छाड़ और परेशान करने का मामला सामने आया है। मामले को संज्ञान में लेते हुए छात्र समन्वय समिति दुमका द्वारा उक्त प्रोफेसर को निलंबित कर उन पर कार्रवाई की मांग कॉलेज प्रशासन से की गई है।

छात्र नेता श्यामदेव हेंब्रम एवं राजीव बास्की ने ए एन कॉलेज के प्रधानाध्यापक से मिलकर कहा कि मामले में कोई कोताही ना बरती जाए, इस प्रकार के कुकृत्य के लिए समाज में कोई जगह नहीं है, कॉलेज प्रशासन त्वरित एवं जरूरी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें अन्यथा छात्र समन्वय समिति आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएंगे। ज्ञात हो कि मामले को लेकर कल देर शाम पीड़िता अपने परिवारजन के साथ मुफस्सिल थाना दुमका अपने साथ हुई घटना के संबंध में आवेदन देने गई थी। पीड़िता और परिवार जन की मुलाकात थाना प्रभारी से भी हुई और उसने आश्वस्त किया कि मामले पर त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मौके पर निखिल मुर्मू, अंकित सोरेन, रितेश मुर्मू आदि मौजूद थे।

संवाददाता:- आलोक रंजन