दुमका (शहर परिक्रमा)

बैंड की धुन पर शानदार मार्चपास्ट के साथ आरंभ हुआ सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट


दुमका: झारखंड शिक्षा परियोजना दुमका के तत्वावधान में दुमका के कमारदुधनी स्थित फुटबॉल स्टेडियम में 64 वीं सुब्रतो मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट के अंतर्गत 17 वर्ष से कम उम्र के स्कूली बच्चों के लिए जिलास्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न प्रखंडों से जीतकर आई विभिन्न विद्यालय की टीमों ने अपने-अपने प्रखंड का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने भाग लिया।

नाकआउट आधार पर खेले गए मैच में जरमुंडी ने जामा को 05-03से,रामगढ़ ने सरैयाहाट को 03-02 से, शिकारीपाड़ा ने रानेश्वर को 03-00 से, रामगढ़ ने गोपीकांदर को 05-04 से, दुमका ने जरमुंडी को 03-00 से , मसलिया ने काठीकुंड को 05-04से, शिकारीपाड़ा ने दुमका को 02-00 के अंतर से परास्त कर अगले चक्र में प्रवेश पाया था। समाचार लिखे जाने तक गत चैम्पियन शिकारीपाड़ा फाइनल में पहुंच चुकी थी। दूसरा सेमीफाइनल मसलिया और रामगढ़ के बीच कांटे का मुकाबला जारी था।

इससे पूर्व कस्तूरबा गांधी विद्यालय जमा,जरमुंडी एवं मसलिया की छात्राओं ने आकर्षक परिधानों से सजकर बैंड बाजे की धुन के साथ आगंतुकअतिथियों का स्वागत किया। तत्पश्चात विभिन्न प्रखंडों से आए युवा खिलाड़ियों ने अपने अपने प्रखंड के बैनर और झंडों के साथ अलग-अलग जर्सी में शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद झारखंड शिक्षा परियोजना के सहायक कार्यक्रम प्रबंधक रंजन दा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए अपनी शुभकामना संदेश में कहा कि झारखंड की धरती खेल प्रतिभाओं से परिपूर्ण है। यदि बच्चे सच्चे लगन और उचित मार्गदर्शन से सही दिशा में प्रयास करें तो न सिर्फ राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय फलक पर भी दुमका को गौरवान्वित कर सकते हैं। स्वागत संबोधन करते हुए झारखंड शिक्षा परियोजना के क्षेत्र प्रबंधक सूरज पांडे ने 7 जुलाई से 12 जुलाई तक होने वाले जिला एवं प्रमंडल स्तरीय सुब्रतो मखर्जीअंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 आयोजन के रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन उ.उ.वि. आसनसोल कुरुवा जामा के सहायक शिक्षक मदन कुमार ने किया।
अवसर पर मौजूद झारखंड शिक्षा परियोजना के सहायक कार्यक्रम प्रबंधक विभाष चंद्र महतो ने भी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दी।

प्रतियोगिता के सफलतापूर्वक संचालन में शारीरिक शिक्षक क्रमशः ज्ञानप्रकाश ठाकुर,अमित कुमार,सुमन कुमार, कुमार नवनीत,शिवराम सिमोन टुड्डू, असीम हेम्ब्रम,प्रीतम मरांडी,जोसेफ मुर्मू,मानवेन्द्र कुमार,सचिन कुमार, संतोष कुमार पटेल,सुमित राय, राजेश कुमार,दीपक कुमार मंडल, सुहागिनी मुर्मू,रामानंद घोष के साथ साथ रेफरी इग्न्यायुस टुड्डू,पिंटू मुर्मू, उमेश टुड्डू तथा लारेंस मुर्मू की भूमिका बेहद अहम रही।

संवाददाता:- आलोक रंजन