देवघर (शहर परिक्रमा)

कांवरिया श्रद्धालुओं के लिए ‘रूपा फाउंडेशन सेवा शिविर’ का हुआ उद्घाटन

देवघर: आज दिनांक 13.07.25 को टाउन हॉल में रूपा फाउंडेशन, कोलकाता द्वारा संचालित निःशुल्क कांवरिया भोजन सह सेवा शिवर का उद्घाटन फाउंडेशन के अध्यक्ष पद्मश्री प्रहलाद राय अग्रवाल, वाइस चेयरमैन घनश्याम प्रसाद अग्रवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर कुंज बिहारी अग्रवाल, सुरेश शाह, प्रो रामनंदन सिंह सहित  प्रतीक अग्रवाल, पुष्पा देवी अग्रवाल और शांतिदेवी ललिता देवी अग्रवाल ने प्यारेलाल पंडा के गणेश वंदना के बीच सामूहिक रूप से फीता काटकर किया।

    मौके पर पद्मश्री प्रहलाद राय अग्रवाल ने कहा कि देवघर का यह मेला अपने आप में अनोखा मेला है। ऐसी भीड़ और कहीं नहीं लगती। रूपा फाउंडेशन देवघर आए कांवरिया श्रद्धालुओं की सेवा कर गौरवान्वित महसूस करता है।
   उन्होंने आगे कहा कि यह शिविर 13 जुलाई से 4 अगस्त 2025 तक चलता रहेगा जहां शुद्ध घी में बनी पूरी, हलवा, जलेबी के साथ सब्जी भी आने वाले कांवरियों को निशुल्क खिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिव भक्तों की सेवा ही शिव की सेवा है इसी उद्देश्य से यह शिविर लगाया गया है।


   झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता सुरेश शाह ने आश्वासन दिया कि कांवरिया पथ पर जगह तलाश कर धर्मशाला निर्माण के लिए रूपा फाउंडेशन को उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
    वहीं प्रो. रामनंदन सिंह ने फाउंडेशन के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि धनअर्जन और धन का उपयोग अलग अलग विषय है। अगर समाज से हमें कुछ मिलता है तो हमें भी समाज को कुछ लौटना चाहिए। रूपा फाउंडेशन यही कर रहा है।

इस अवसर पर श्याम सुंदर धानुका, सुरेश प्रसाद सिंह, मनीष पांडे, मनीष धानुका, गुड्डू बंका, विनोद नेवर, गोपाल शर्मा,  दशरथ अग्रवाल, पन्ना लाल मिश्र, गोपाल कृष्ण शर्मा, महेश जी सहित बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे। मंच संचालन रामसेवक सिंह गुंजन ने किया।