सावन के प्रथम सोमवारी पर उमड़ेगी कांवरियों की भारी भीड़
देवघर: रविवार शाम से ही कांवरिया रूट व शिवगंगा के आसपास शिवभक्तों के उमड़े जन सैलाब को देखने के बाद स्वतः सोमवार को लगने वाली भीड़ का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस बीच मंदिर के आसपास का समूचा क्षेत्र गेरुआ वस्त्रधारी शिवभक्तों से पट सा गया है। चहुंओर हरहर महादेव व बोलबम का नारा गुंजायमान हो रहा है। साथ ही बाबा नगरिया दूर है,जाना जरूर है का स्वर सुना जा रहा है। बच्चे बूढ़े व महिला शिवभक्त बाबा की भक्ति में अविरल धारा की तरह मंदिर की ओर आते जा रहे हैं। वहीं शिवभक्तों को सुगमता पूर्वक जलार्पण कराने के लिए जिला प्रशासन भी कमर कसकर तैयार है।

बताते चलें कि पवित्र श्रावण मास की पहली सोमवारी को जल चढ़ाने के लिए शिवभक्त लालायित रहते हैं। इस वजह से अन्य दिनों की अपेक्षा सोमवार को अधिकाधिक भीड़ जुटने की परंपरा शुरू से ही रही है।
संवाददाता: शम्भूनाथ सहाय

