रौनियार वैश्य संघ व रौनियार महिला समिति ने खिजुरिया में की कांवरिया श्रद्धालुओं की सेवा
श्रावण मास की पावन बेला में “सेवा ही सच्चा धर्म है” के उदात्त संकल्प को साकार करते हुए रौनियार वैश्य संघ, देवघर एवं रौनियार महिला समिति ने खिजुरिया मे संयुक्त बैनर के तले श्रावणी मेला में आए शिवभक्त कांवरियों की सेवा की। ज्ञात हो कि यह सेवा श्रावणी मेला के दौरान प्रत्येक रविवार और सोमवार को की जाती है।

आज इस सेवा में शिवभक्तों को शुद्ध जल, शरबत, लस्सी, पेठा, केला, सेव, व सुखे मेवे आदि वितरित किए गए। यह सम्पूर्ण आयोजन अत्यंत श्रद्धा, निष्ठा और समर्पण की भावना से संपन्न हुआ। सेवा कार्य में पुरुष एवं महिला सदस्यों ने समान रूप से तन-मन-धन से भागीदारी की।
यह सेवा का कार्य संगठन के अध्यक्ष व सचिव के नेतृत्व में अनुशासित, योजनाबद्ध और अत्यंत प्रभावी रूप से सम्पन्न हुआ।
मौके पर संगठन की अध्यक्ष ने कहा कि समिति की मातृशक्ति ने सेवा भाव को कर्म में ढालते हुए यह साबित कर दिया कि संगठित महिला शक्ति किसी भी सामाजिक दायित्व को बखूबी निभा सकती है। सेवा शिविर में “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान होता है। और सेवा पाने के बाद हर शिवभक्त के चेहरे पर झलकता संतोष हमें आत्मिक सुख देता है।
उन्होंने आगे कहा कि यह सेवा आगामी रविवार और सोमवार को पुनः आयोजित की जाएगी। रौनियार वैश्य समाज बीते एक दशक से श्रावण मास मे निःस्वार्थ भाव से साप्ताहिक कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन करता आ रहा है।

