देवघर (शहर परिक्रमा)

डीएवी कास्टर टाउन ने लगाया कांँवरिया सेवा शिविर

देवघर: आज दिनांक 28.07.2025 को स्थानीय गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के सहयोग से श्रावणी सोमवारी के अवसर पर शिवभक्त काँवरियों के लिए बिहार और झारखंड के बॉर्डर ‘दुम्मा’ में सेवा शिविर लगाया गया। जिसमें शिवभक्त काँवरियों के बीच फल, लस्सी, मैंगो माजा, पेयजल आदि का वितरण किया गया। विद्यालय के कई सदस्य कांँवरियाँ भक्तों की सेवा में तत्पर दिखाई दे रहे थे।

    मौके पर उपस्थित विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि सावन का महीना शिवभक्तों का महीना होता है। शिवभक्त भोलेनाथ को जलाभिषेक करते हैं। उन्होंने बताया कि मानव की सेवा सबसे बड़ा धर्म है।मानव की आत्मा ही परमात्मा है और मानव मात्र की सेवा करने से ही सच्चे सुख की प्राप्ति होती है।परस्पर द्वेष को भुलाकर सेवा का भाव ही सच्चा धर्म होगा। मानव धर्म ही सभी धर्मों का सार तत्व है। मानवता शब्द का सरल शब्दों में मतलब है-इंसानियत या यूंँ कहें मानव का मानव के प्रति सद्भाव यानि मानवता है। यह सेवा शिविर सभी भेदों को मिटाकर सामाजिक समरसता का मिठास घोलती है। ऐसे आयोजनों से लोगों में भक्ति भाव की ऊर्जा संचालित होती है।

     इस सेवा शिविर को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक – शिक्षिकाएँ एवं शिक्षकेत्तर  कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। यह जानकारी मीडिया प्रभारी अमित कुमार सिंह ने दी।