दुमका (शहर परिक्रमा)

शिव भक्तों की सेवा में जुटी है बाबा बासुकीनाथ सेवा समिति

दुमका: विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नगरी बाबा बासुकीनाथ धाम में आयोजित श्रावणी मेला महोत्सव को सफलतापूर्वक संपादित करने के लिए जहां एक ओर जिला प्रशासन एवं नगर पंचायत बासुकीनाथ जुटी हुई है। वहीं दूसरी ओर बाबा के भक्तों की सेवा में स्वयंसेवी संस्था भी जुटी हुई है। इस कड़ी में बाबा बासुकीनाथ सेवा समिति कोलकाता के द्वारा बाबा नगरी बासुकीनाथ धाम में वर्ष 1992 से नि:शुल्क सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए यहां नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है।

मौके पर उपस्थित बाबा बासुकीनाथ सेवा समिति के प्रधान सचिव सह व्यवस्थापक कमल किशोर केजरीवाल ने बताया कि शिव भक्तों की सेवा के लिए यह सेवा शिविर कृत संकल्प है। प्रतिदिन प्रात: 8:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक शिव भक्तों को नि:शुल्क भोजन कराया जाता है। पूरे श्रावणी माह में 40 से 50 हजार शिव भक्तों की सेवा की जाती है। शिव भक्तों की सेवा से हृदय पवित्र हो जाता है। चिकित्सकों के अभाव में 2 वर्ष से श्रद्धालुओं के लिए यहां प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था नहीं हो पाई है। यह नि:शुल्क सेवा शिविर बाबा के आशीर्वाद से अनवरत रूप से जारी रहेगा।

प्रधान सचिव श्री केजरीवाल ने बताया कि शिविर में आए श्रद्धालुओं की सेवा में समिति के अध्यक्ष केशर देव दत्ता, सदस्य क्रमशः संजय जैन, विजय शंकर गुप्ता, मनोज अग्रवाल, मनोज पांडेय, कैलाश मित्तल, शिवकुमार जगनानी, चंडी प्रसाद गुप्ता, उमाशंकर सिंह, अरुण कुमार राय,पंचायत समिति सदस्य बबीता देवी( पेटसार), स्वयंसेवक चंदन कुमार राय एवं जरमुंडी के मनोज कुमार भुवानियां जुटे हुए हैं।

संवाददाता:- आलोक रंजन