दुमका (शहर परिक्रमा)

सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय ने तीन परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया

दुमका: सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका ने शनिवार को कुल तीन परीक्षाओं के लिए विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी किया। जारी अधिसूचना के अनुसार, यूजी सेमेस्टर-4, बीएड सेमेस्टर-2 तथा बीएड सेमेस्टर-4 की परीक्षाएं आगामी अगस्त महीने से आयोजित की जाएंगी।

यूजी सेमेस्टर-4 की परीक्षाएं 26 अगस्त से 16 सितंबर 2025 तक दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। परीक्षा संचालन को सुव्यवस्थित बनाने हेतु विषयों को तीन समूहों—ग्रुप ‘ए’, ‘बी’ और ‘सी’ में बांटा गया है।
ग्रुप ‘ए’ में बॉटनी, केमेस्ट्री, जियोलॉजी, फिजिक्स, जूलॉजी, जियोग्राफी, सोशियोलॉजी, गणित, होम साइंस, म्यूजिक एवं स्टेटिस्टिक्स जैसे विज्ञान एवं तकनीकी विषय शामिल किए गए हैं। ग्रुप ‘बी’ में हिंदी, संथाली, बंगाली, उर्दू, इंग्लिश, संस्कृत, पर्शियन, अर्थशास्त्र, कॉमर्स, प्राचीन भारतीय इतिहास एवं संस्कृति तथा ग्रामीण अर्थशास्त्र जैसे भाषायी एवं वाणिज्यिक विषय रखे गए हैं। ग्रुप ‘सी’ में हिस्ट्री, एलएसडब्लू, फिलॉसफी, पोलिटिकल साइंस एवं साइकोलॉजी जैसे कला व समाजशास्त्रीय विषयों को शामिल किया गया है।
घोषित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, इन समूहों की परीक्षाएं अलग-अलग तिथियों में आयोजित की जाएंगी।
वहीं, बीएड सेमेस्टर-2 और सेमेस्टर-4 की परीक्षाएं 19 अगस्त से 25 अगस्त 2025 तक आयोजित की जाएंगी। बीएड सेमेस्टर-2 की परीक्षा दो पालियों में तथा सेमेस्टर-4 की परीक्षा केवल एक सिटिंग में संपन्न कराई जाएगी।
उक्त सभी परीक्षाओं से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जयकुमार साह द्वारा कुलपति प्रो. कुनुल कंदीर के निर्देशानुसार जारी किया गया है। छात्र परीक्षा से संबंधित अधिसूचना एवं समय सारणी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकतें है।

संवाददाता:- आलोक रंजन