पंडा धर्मरक्षिणी सभा के महामंत्री ने कहा: भादो मेला में न रहेगा अर्घा, न होगा गर्भ गृह में रुद्राभिषेक पूजन
देवघर: आज दिनांक 08.08.25 को पंडा धर्मरक्षिणी सभा (रजि.) के महामंत्री निर्मल झा उर्फ़ मंटू ने एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर श्रावणी मेला 2015 में प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताया कि इन्हीं प्रशासनिक व्यवस्थाओं के तहत आगामी भादो मेला भी सुचारु रूप से संपन्न होगा।

महामंत्री ने बताया कि आज दिनांक 08.08.2025 को भादो मेला, 2025 के सफल संचालन को लेकर देवघर जिला प्रशासन, सरदार पंडा, पंडा धर्मरक्षणि सभा के अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष, सभी सदस्य, तीर्थ-पुरोहित समाज के प्रतिनिधियों एवं पंडा समाज के सभी सम्मानित सदस्यों के साथ समाहरणालय सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि देवघर जिला प्रशासन के साथ बैठक में पंडा धर्मरक्षिणी सभा के आग्रह पर सहमति बनाई गई कि बाबा मंदिर में स्पर्श पूजा का महत्व है इसलिए भादो मेला के दौरान भादो प्रतिपदा (10.08.25) से अर्घा हटा ली जाएगी। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व सुगम जलार्पण को लेकर भादो मेला के दौरान गर्भ गृह में रुद्राभिषेक पूजन पर रोक रहेगी।
उन्होंने आगे कहा कि बाबा मंदिर में सामान्य कतार के श्रद्धालु और शीघ्र दर्शनम वाले श्रद्धालु जहाँ एक होते हैं उस स्थान पर मजिस्ट्रेट की बहाली, बस स्टैंड को बाहरी शहर के लिए भूरभूरा मोड़ और बासुकीनाथ के लिए क्लब ग्राउंड में ही रहने देना, शीघ्र दर्शनम के कूपनधारी श्रद्धालुओं को बिचौलियों से मुक्त करना, भादो मेला तक शीघ्रदर्शनम कूपन का मूल्य यथावत (₹600) रखना इत्यादि पर सहमति बनी है। ताकि बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर से श्रद्धालु एक सुखद अनुभूति लेकर अपने घर वापस लौटे।

