देवघर (शहर परिक्रमा)

डिवाइन पब्लिक स्कूल में मनाया गया कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

देवघर: डिवाइन पब्लिक स्कूल 10+2 में धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। जिसके बाद प्रधानाध्यापिका ममता किरण ने अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम श्लोक को अपनी आवाज़ में गाकर कार्यक्रम की शुरुआत किया।

विद्यालय के नन्हे बच्चों के द्वारा एक के बाद एक कई रंगारंग कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया जिसमें कालिया नाग के फन पर कृष्ण के नृत्य को सभी ने सरहा। कार्यक्रम में विद्यालय के छोटे बच्चों ने “श्री कृष्ण गोविन्द हरे मुरारी, बाँके बिहारी लाल, बांसुरी कृष्ण की बजेगी” जैसे राधा कृष्ण के गानों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में शामिल छोटे-छोटे बच्चों के द्वारा फैंसी ड्रेस कंपटीशन का दृश्य बहुत ही मनमोहक लग रहा था। कृष्ण और राधा के भेष में बच्चों ने रैंप वॉक कर सबका दिल जीत लिया। बच्चों के अभिभावकों में भी काफ़ी उत्साह देखने को मिला। कृष्ण बने नन्हें बच्चों की माताएँ यशोदा के किरदार में सजी हुई नजर आयीं। बच्चों के साथ साथ उनकी माताओं के लिए भी यशोदा कम्पीटिशन का आयोजन किया गया था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर की जानी मानी समाजसेवीका रीता चौरसिया तथा विशेष अतिथि के रूप में बबली सिंह, ज्ञानी मिश्रा और आशुतोष सिंह शामिल हुए। बच्चों ने कृष्ण के नटखट बाल रूप का प्रदर्शन करते हुए ऊपर टंगे हांडी को पिरामिड बनाकर फोड़ा व अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों में उनके उम्दा प्रदर्शन के लिए उपस्थित गणमान्य अतिथियों के हाथों पुरुस्कार भी प्रदान किये गए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थिति सारे बच्चों, अभिभावकों व शिक्षकों ने ओपन डांडिया नृत्य में भाग लिया। जिसमें सभी एक साथ मिलकर झूमे व डांडिया नृत्य का आनंद लिया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ममता किरण ने बच्चों व विद्यालय परिवार को कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी।