देवघर (शहर परिक्रमा)

डीएवी भण्डारकोला में मनाई गई मेजर ध्यानचंद की जयंती

देवघर: आज गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया जो कि महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती को समर्पित है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में देवघर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुनील खवाड़े एवं विशिष्ट अतिथि डीएसए के सचिव आशीष झा, देवघर ओलिंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नवीन शर्मा, चेस संघ के उपाध्यक्ष प्रकाश भारद्वाज मौजूद थे। प्रार्थना सभा में मेजर ध्यानचंद के तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया।

इस अवसर पर डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के विजेता रहे विद्यालय के खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर आगंतुक अतिथियों के द्वारा सम्मानित किया गया।

प्राचार्य बलराम कुमार झा ने महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि यह दिवस उनके सम्मान में उनकी जयंती पर मनाया जाता है जीवन में खेल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होनें कहा कि खेलों में भाग लेने वाला व्यक्ति जोशीला, ताजा और खुद को ऊर्जावान महसूस करता है, इसलिए विद्यार्थी को खेल के लिए भी पर्याप्त समय देना चाहिए। उनके प्रयासों की प्रशंसा करते हुए प्राचार्य ने कहा कि खेल जीवन में सच्चाई और सहयोग की भावना को बलवती करता है ।

मुख्य अतिथि सुनील खवाड़े ने बच्चों को ध्यानचंद के बारे में बताया और कहा कि डीएवी भंडारकोला खेल के क्षेत्र में भी अपना परचम लहरा रहा है। विद्यालय का अनुशासन काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि आगामी देवघर ओलंपिक के लिए बच्चे तैयार रहें और ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लें। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। उक्त आशय की जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।