श्रील फाउंडेशन ने गोड्डा उपायुक्त को सौंपी रक्तदान कार्ड
गोड्डा: समाजसेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही श्रील फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल ने आज गोड्डा जिला उपायुक्त अंजली यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संस्था द्वारा हाल ही में गोड्डा सदर अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान महादान शिविर का विवरण प्रस्तुत किया गया और कुल 6 रक्तदान कार्ड उपायुक्त महोदया को सौंपे गए।

गौरतलब है कि 1 सितम्बर 2025 को श्रील फाउंडेशन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का सफल आयोजन हुआ था, जिसमें श्रील फाउंडेशन के सचिव, संयुक्त सचिव सहित कई सदस्यों और स्वयंसेवकों ने रक्तदान किया था। आज की मुलाकात में सचिव श्री राकेश वर्मा ने उपायुक्त महोदया को संस्था की आगामी योजनाओं से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि श्रील फाउंडेशन हमेशा से समाज की प्राथमिक जरूरतों—स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका और सामाजिक जागरूकता को ध्यान में रखकर कार्य करता आया है। आने वाले समय में संस्था गोड्डा जिले के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने, गरीब परिवारों को भोजन सेवा उपलब्ध कराने और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की योजना बना रही है।

उपायुक्त अंजली यादव ने श्रील फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की और आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन समाजहित के कार्यों में श्रील फाउंडेशन की हर संभव मदद करेगी, उन्होंने कहा कि “रक्तदान जैसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश फैलाते हैं और युवाओं को भी प्रेरित करते हैं। मुलाकात के दौरान श्रील फाउंडेशन की संयुक्त सचिव श्रीमती महिमा देवी, राज वर्मा, विजय कुमार सिंह एवं राजेश कुमार भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर यह विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और संस्था का संयुक्त सहयोग गोड्डा जिले के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेगा।

