देवघर (शहर परिक्रमा)

डेफोडिल गार्डन में आयोजित होगी आदर्श लक्ष्य कुश्ती प्रतियोगिता

देवघर: देवघर जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में आगामी 5 अक्टूबर को आदर्श लक्ष्य ट्रॉफी – 17वीं देवघर जिला कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता स्थानीय डेफोडिल गार्डन में आयोजित होगी।

    इसकी जानकारी जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष विजय प्रताप सनातन ने दी। उन्होंने कहा कि इस बार का कुश्ती प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी 10 से 12 अक्टूबर को हरिहरगंज पलामू में होने वाली 26वी सीनियर राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेंगे | जिले के विभिन्न प्रखंडों से चुनिंदा पहलवान इसमें हिस्सा लेंगे और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
    संघ अध्यक्ष ने कहा कि कुश्ती न सिर्फ खेल है बल्कि हमारी संस्कृति और परंपरा से जुड़ी धरोहर है। यह युवाओं में अनुशासन, परिश्रम, साहस और शक्ति का संचार करता है। उन्होंने कहा कि देवघर की धरती पर कुश्ती की एक लंबी परंपरा रही है और जिला कुश्ती संघ इस परंपरा को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
    आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता को सफल बनाने की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए जाएंगे।
    संघ के अध्यक्ष ने देवघर वासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर पहलवानों का हौसला बढ़ाएँ और इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता के साक्षी बनें।