कोडरमा (शहर परिक्रमा)

डीएवी कोडरमा के बच्चों का शैक्षणिक भ्रमण, केटीपीएस ने बढ़ाया छात्रों का औद्योगिक ज्ञान

कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया के कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों ने केटीपीएस में औद्योगिक प्रबंधन का एक अनूठा शैक्षणिक अनुभव प्राप्त करने के उद्देश्य से कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन (केटीपीएस), डीवीसी, कोडरमा, झारखंड का शैक्षिक दौरा किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य एक प्रमुख विद्युत संयंत्र के औद्योगिक प्रबंधन प्रथाओं और उसके संचालन को करीब से समझना था।
छात्रों को पावर स्टेशन के विभिन्न विभागों का दौरा कराया गया, जहाँ उन्हें बिजली उत्पादन की जटिल प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कोयले तथा शौर्य ऊर्जा से बिजली बनने तक की पूरी प्रक्रिया को देखा, जिसमें बॉयलर, टरबाइन तथा जनरेटर जैसे महत्वपूर्ण खंड शामिल थे।

डीजीएम (एम) आलोक कुमार के संपूर्ण मार्गदर्शन में परियोजना प्रमुख और अन्य अधिकारियों के साथ बातचीत के माध्यम से, छात्रों ने परिचालन पहलुओं को समझा, जिसमें शामिल हैं -विद्युत उत्पादन प्रक्रिया, तापीय विद्युत कैसे उत्पन्न की जाती है, इसका अवलोकन।प्रशासनिक और पदानुक्रमिक संरचना, संगठनात्मक ढाँचे और निर्णय की प्रक्रिया, वित्तीय, उत्पादन, विपणन प्रबंधन, औद्यौगिक प्रबंधन तथा प्रबंधन अवधारणाओं का अनुप्रयोग ।
अधिकारियों ने छात्रों को पर्यावरण सुरक्षा के लिए अपनाई जाने वाली नवीनतम तकनीकों और ऊर्जा दक्षता के महत्त्व के बारे में भी बताया ।
इस दौरे ने छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का अवसर प्रदान किया । छात्रों ने औद्योगिक सुरक्षा मानदंडों, मानव संसाधन प्रबंधन और संयंत्र के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए अपनाई जाने वाली अन्य प्रथाओं के बारे में भी जानकारी ली।
विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह मे इस शैक्षाणिक भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि यह शैक्षिक भ्रमण एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण अनुभव है । इस दौरे का मुख्य उद्देश्य छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान से परे, वास्तविक औद्योगिक वातावरण और कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। छात्रों ने न केवल बिजली उत्पादन की जटिल प्रक्रिया को अपनी आँखों से देखा, बल्कि उन्होंने सुरक्षा उपायों, पर्यावरण प्रबंधन और मानव संसाधन प्रबंधन जैसी महत्त्वपूर्ण औद्योगिक प्रथाओं को भी गहराई से समझा। यह दौरा उन्हें इंजीनियरिंग, पर्यावरण विज्ञान , व्यवसाय और प्रबंधन अनुप्रयोगों जैसे क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं के बारे में सोचने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने डीवीसी, कोडरमा के प्रबंधन और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया और कहा कि आपने छात्रों को शिक्षित करने के लिए अपना बहुमूल्य समय दिया। मुझे विश्वास है कि यह अनुभव हमारे छात्रों के भविष्य के लिए एक मजबूत नींव का काम करेगा।
इस शैक्षणिक भ्रमण में बच्चों के दिशा निर्देशन हेतु विद्यालय के शिक्षक राय राकेश, सत्य प्रकाश तिवारी, अंजलि कुमारी एवं सोनल केशरी थी।