देवघर (शहर परिक्रमा)

महात्मा गांधी की देवघर यात्रा के 100 वर्ष पूर्ण होने पर पुष्पांजलि उत्सव का आयोजन

देवघर: महात्मा गाँधी के देवघर आगमन के 100 वर्ष पूर्ति उपलक्ष मे आज दिनांक 4 अक्टूबर 2025 को स्थानीय रामराज आश्रम में जिला स्वैच्छिक संस्था मंच देवघर के द्वारा पुष्पांजलि उत्सव का आयोजन उनके यादों मे किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी के विषय में चर्चा -विमर्श से हुई। ज्ञात हो कि 100 वर्ष पहले 3 से 5 अक्टूबर 1925 को महात्मा गाँधी का देवघर आगमन हुआ था।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी एवं पुर्व सांसद, अभय कांत सिन्हा की उपस्थिति रही। जहां ममता कुमारी ने कहा कि हम सभी को गांधी के विचारों पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी ऐसे व्यक्तित्व थे कि जो भी उनसे मिलते थे, वो गांधीमय हो जाते थे।
गौरतलब है कि महात्मा गांधी लगभग 100 वर्ष पूर्व, 1925 को देवघर आये थे। उनका प्रवास गोवर्धन भवन में हुआ था। उनके इस ऐतिहासिक दौरे का मुख्य उद्देश्य संताल समुदाय को मद्यपान से दूर करना तथा समाज में व्याप्त बुराइयों के विरुद्ध जागृति फैलाना था। गांधी जी ने देवघर यात्रा के दौरान कहा था कि बाबाधाम (देवघर) छुआ-छूत नहीं मानता, ऐसे स्थल बहुत कम हैं। इस प्रकार देवघर को उन्होंने सामाजिक सद्भाव और समानता का प्रतीक बताया।

  • कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित लोगों के द्वारा गांधीजी के जीवन एवं विचारों पर अपने-अपने विचार रखने एवं उनके आदर्शों पर चर्चा करते हुए हुई।
  • तत्पश्चात, गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पण और राष्ट्रगीत से हुई।
  • गांधीजी की देवघर यात्रा से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को भी साझा किया गया।
  • स्थानीय लोगों के द्वारा भजन व देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति की गई। पुष्पांजलि उत्सव ने सभी उपस्थित जनों को गांधीजी के विचारों और उनके देवघर आगमन की ऐतिहासिक महत्ता को पुनः स्मरण कराया गया। यह अवसर न केवल इतिहास की झलक है, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।

इस विशेष अवसर पर जिला स्वैच्छिक संस्था मंच देवघर के रंजन भाई, दिलीप भाई, सतीश भाई, सोहन भाई, पशुपति भाई, बिलास भुइयाँ, विपिन मिश्रा, जितेंद्र कुमार, गृहमाता सुशीला सिन्हा, आभा रानी, रूबी द्वारी झा, गोपाल मंडल, दिलीप तिवारी, सचिदानंद मंडल, विकास कुमार, आलोक मिश्रा, विनोद कुमार, चंद्रकांत मंडल, दयानंद पांडे सहित लगभग सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।