देवघर (शहर परिक्रमा)

डीएवी भंडारकोला में इंटर स्कूल संसदीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन

देवघर: आज सातर रोड स्थित गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में इंटर स्कूल संसदीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिविल कोर्ट की जज, स्वाति उपाध्याय, विद्यालय के प्राचार्य बलराम कुमार झा,देवघर सहोदया के अध्यक्ष, रामसेवक सिंह गुंजन, मुख्य विधिक सहायता रक्षा परिषद, साजन कुमार मिश्रा,आर.डी.बाजला कॉलेज के राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. किशलय सिन्हा और डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन के प्राचार्य दिलीप सिंह ने दीप प्रज्वलित करके किया।

इसके बाद विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने सुमधुर स्वागत गीत एवं गणेश वंदना पर मनोरम नृत्य की प्रस्तुति की। मुख्य अतिथि ने इस तरह के कार्यक्रम की प्रशंसा की और कहा कि इससे भाषण कौशल में निखार आता है और डर तथा झिझक दूर होती है साथ ही साथ हमारा आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
इस प्रतियोगिता का विषय था विकास-समावेशी और अनन्य। इस प्रतियोगिता में कुल 14 विद्यालयों ने शिरकत किया। सभी प्रतिभागियों ने जबरदस्त कौशल का प्रदर्शन किया ।सत्ता पक्ष की ओर से विजेता सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस मातृ मंदिर स्कूल की साक्षी प्रिया बनी और विपक्ष की ओर से विजेता तक्षशिला विद्यापीठ की अंजली हेंब्रम बनी। सत्ता पक्ष की ओर से उपविजेता महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की तनुष्का सिंहा बनी और विपक्ष की ओर से उपविजेता संत जेवियर्स हाई स्कूल की मौसमी बरियार बनी ।
सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और विजेताओं और उपविजेताओं को ट्रॉफी प्रदान किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में डॉ.किशलय ने कहा कि इसमें भाग लेने से विद्यार्थियों को संसद के कार्यप्रणाली, लोकतंत्र और सामाजिक मुद्दों की गहरी समझ मिलती है।
विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि वाद–विवाद प्रतियोगिता विद्यालयी जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए ।इस तरह की प्रतियोगिता बच्चों को अनुशासन, सहनशीलता और टीम वर्क का पाठ पढ़ाती है।
गुंजन जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह एक ऐसा मंच है जो छात्रों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व गुणों को निखारने का अवसर प्रदान करता है। उक्त आशय की जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।