देवघर (शहर परिक्रमा)

डीएवी भंडारकोला में आगामी दीपावली और छठ को लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

देवघर: गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला देवघर में आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व के उपलक्ष्य पर भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सबसे पहले सीनियर बच्चों ने इको फ्रेंडली दिवाली मनाने की प्रेरणा देते हुए नाटक का मंचन किया।

इसके पश्चात सीनियर बच्चों ने छठ महापर्व की समस्त विधियों को दिखाते हुए संगीतमयी प्रस्तुति की तो दर्शकों को मंच पर छठ के घाट जैसी अनुभूति हुई और सबों ने आस्था के सैलाब में डुबकी लगाई। प्रस्तुति से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक मूल्यों के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। जूनियर बच्चों ने दीपावली का धार्मिक संबंध श्रीराम से जोड़ते हुए सुंदर नाटक की प्रस्तुति की और प्रकाश पर्व पर अद्भुत नृत्य और छठ गीत की सुरीली प्रस्तुति की। इसके अलावा इंटर हाउस रंगोली और बोर्ड डेकोरेशन के द्वारा बच्चों ने अपनी भावनाओं को उकेरा।

प्राचार्य ने अपने संबोधन में बच्चों की प्रस्तुति की भूरि भूरि प्रशंसा की और कहा कि सामूहिकता एवं सौहार्द की भावना को मजबूत करने हेतु और विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की जड़ों से जोड़ने हेतु ऐसे कार्यक्रम की आवश्यकता आज के पीढ़ी के लिए आवश्यक है और छठ महापर्व के नियम, संयम और पवित्रता से विद्यार्थियों को सीख लेनी चाहिए़ और उसे अपने करियर बनाने में उपयोग करना चाहिए। इसकी जानकारी अभिषेक सूर्य ने दी।