देवघर (शहर परिक्रमा)

भारतीय हॉकी के शताब्दी वर्ष पर प्रदर्शनी मैच का आयोजन

देवघर: राज्यकीयकृत +2 विद्यालय मोहनपुरहाट में हॉकी इंडिया के शताब्दी वर्ष के अवसर पर एक प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया गया, जिसमें मोहनपुर एकादश और देवघर एकादश के बालक एवं बालिका टीमों ने भाग लिया। इस मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्राचार्य पुरुषोत्तम चौधरी और हॉकी देवघर के अध्यक्ष विजय प्रताप सनातन ने किया।

    इस अवसर पर हॉकी देवघर के अध्यक्ष विजय प्रताप सनातन ने कहा कि “भारतीय हॉकी के 100 साल पूरे होने का जश्न हम सभी के लिए बेहद भावुक और गर्व का क्षण है। यह उपलब्धि हमारे गौरवशाली अतीत का सम्मान है और आगे बढ़ते हुए उनकी यात्रा से प्रेरणा लेने का अवसर है।”

   प्राचार्य पुरूषोत्तम चौधरी ने कहा कि “इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर हमारे विद्यालय मे हॉकी का प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया जाना गर्वित है। यह मैच हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जो अपने शताब्दी वर्ष में कई उपलब्धियां हासिल कर रही है।”

    हॉकी देवघर के संजीव कुमार झा ने बताया कि “हॉकी इंडिया ने एक साल भर चलने वाले जश्न की शुरुआत की है, जिसमें देश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन देश के गौरव, दृढ़ता और खेल भावना से भरी शताब्दी का उत्सव है।”हॉकी भारत के लिए सिर्फ़ एक खेल नहीं, बल्कि यह हमारी पहचान और सामूहिक भावना का हिस्सा है।ये समारोह न केवल हमारी विरासत को उजागर करेंगे, बल्कि युवाओं को हॉकी से जुड़ने की प्रेरणा भी देंगे।
     मैच के अंत में सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर हॉकी देवघर के डेलिगेट प्रमोद यादव, आलोक बोस, डॉ. शक्ति सिंह, हिमांशु चौधरी, विकास कुमार, बिन्दु कुमारी, राजकुमार, विक्की रमानी, निर्भय यादव, अंजली कुमारी, ललन ठाकुर और दीपक कुमार मौजूद थे।