डीएवी कोडरमा में एकदिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन
कोडरमा: डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), पटना के निर्देशानुसार एकदिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय था — “छात्रों के बीच मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना”।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य सह कार्यक्रम निदेशक कृष्ण कुमार सिंह, विषय संसाधक चंदन कुमार दुबे, शमशेर आलम, वरिष्ठ शिक्षिका मौसुमी मल्लिक एवं कुमार सतीश सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया।

अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य श्री सिंह ने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें तनाव, चिंता एवं जीवन की चुनौतियों से उबरने में सहायता प्रदान करने हेतु आवश्यक कौशलों से सुसज्जित करना है।
कार्यशाला में कुल 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। इनमें डीएवी, हजारीबाग के प्राचार्य डॉ. रजनीश कुमार के अलावा सैनिक स्कूल के पाँच एवं कौंडनियां पब्लिक स्कूल की एक शिक्षिका भी शामिल थीं।
संसाधक के रूप में सैनिक स्कूल के चंदन कुमार दुबे एवं आदर्श प्लस विद्यालय के शमशेर आलम ने अत्यंत प्रभावशाली प्रशिक्षण सत्र प्रस्तुत किए। उन्होंने शिक्षकों को छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के प्रारंभिक संकेतों की पहचान, सहायक एवं समावेशी कक्षा वातावरण के निर्माण तथा तनाव प्रबंधन तकनीकों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु विभिन्न गतिविधियाँ भी कराई गईं।
प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने कार्यशाला की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) की भावना के अनुरूप है, जो छात्रों के समग्र विकास और मानसिक कल्याण पर विशेष बल देती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित शिक्षक अब अपने विद्यार्थियों को बेहतर भावनात्मक सहयोग प्रदान कर सकेंगे।
कार्यशाला का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। यह प्रशिक्षण दिवस सभी शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ, जिसने उन्हें छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण को सशक्त बनाने की दिशा में नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

