कोडरमा (शहर परिक्रमा)

जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित सामुदायिक भोज में झारखंडी व्यंजनों की सुगंध

कोडरमा: पी. वी. एस. एस. डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर किड्स ग्रुप के बच्चों ने अभिभावकों के सहयोग तथा शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में भव्य सामुदायिक भोज का आयोजन किया। जहाँ बच्चों ने झारखंड के परंपरागत व्यंजनों का आनंद लिया। जिनमें दुसका, छिलका रोटी, पीठा, अनरसा, मालपुआ, चने की सब्जी, लिट्टी-चोखा, साग, तिलकुट, फुटका तथा ओल की सब्जी प्रमुख आकर्षण रहे।

    कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह, वरिष्ठ शिक्षिका मौसुमी मल्लिक,  कुमार सतीश सिंह तथा जयदेव आचार्य उपस्थित रहे और बच्चों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का स्वाद लेकर उनकी सराहना की।
    प्राचार्य श्री सिंह ने इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की जीवन-गाथा, उनकी उपलब्धियों और झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति के बारे में बच्चों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को झारखंड की परंपराओं, संस्कृति और सभ्यता से जोड़ना है। उन्होंने उन सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने इन व्यंजनों को तैयार करने में अपना समय और सहयोग दिया।
     उन्होंने कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में सामुदायिक भोज जैसे आयोजन बच्चों में आपसी प्रेम, सौहार्द, सहयोग और पारिवारिक एकता की भावना को मजबूत करते हैं। इससे बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति गर्व और जुड़ाव की भावना विकसित होती है।
   इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं श्वेता सिंह, लक्की पाठक एवं संध्या कुमारी के योगदान की प्राचार्य ने विशेष सराहना की। सभी उपस्थित जनों ने झारखंडी व्यंजनों का आनंद लिया और बच्चों की इस पहल की सराहना की।