राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में देवघर के खिलाड़ियों की ऐतिहासिक उपलब्धि, जसीडीह स्टेशन पर आजसू जिला अध्यक्ष ने किया स्वागत
देवघर जिला खेल जगत के लिए कल का दिन गौरव का रहा। हरिहरगंज, पलामू में आयोजित 26वीं सीनियर झारखंड राज्य कुश्ती प्रतियोगिता में देवघर के पहलवानों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल एक स्वर्ण, तीन रजत और पाँच कांस्य पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि ने देवघर के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
देवघर जिला कुश्ती संघ के महासचिव संजीव कुमार झा ने बताया कि जिले के उभरते पहलवान दीपक कुमार “निर्दोष” ने 92 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की है। यह उनका पहला राज्य स्तरीय प्रदर्शन था, जिसने उन्हें सीधे सुर्खियों में ला दिया।

इसके अलावा—
रोहित केशरी – 130 किलो ग्रीकोरोमन (रजत)
प्रत्युष कुमार – 77 किलो फ्री स्टाइल (रजत)
नम्रता भारती – 59 किलो महिला वर्ग (रजत)
दीपक कुमार – 45 किलो ग्रीकोरोमन (कांस्य)
ललन कुमार – 51 किलो फ्री स्टाइल (कांस्य)
पवन कुमार यादव – 82 किलो फ्री स्टाइल (कांस्य)
विद्या कुमारी – 62 किलो महिला (कांस्य)
अंशिका कुमारी – 76 किलो महिला (कांस्य)
ने अपने बेहतर तकनीक, फिटनेस और दृढ़ निश्चय से देवघर जिले की शक्ति और क्षमता को राज्य स्तर पर मजबूत पहचान दिलाई है।
प्रतियोगिता में जीत दर्ज करने के बाद सभी खिलाड़ी आज ट्रेन से जसीडीह रेलवे स्टेशन लौटे, जहाँ उनका जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत के लिए समाजसेवी सह आजसू पार्टी देवघर जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य, बैडमिंटन कोच यशराज गुप्ता, शुभम राज सिंह, दीपक कुमार के पिता उदय सिंह, गौतम राय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर सम्मानित किया गया और पूरे स्टेशन परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
इस अवसर पर आजसू जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने कहा कि “देवघर के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और जुनून से यह साबित किया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। आज हमारे खिलाड़ियों ने जिले का सिर गर्व से ऊँचा किया है। मैं सभी विजेता और सहभागी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देता हूँ। देवघर कुश्ती संघ के महासचिव संजीव कुमार झा का मार्गदर्शन और योगदान सराहनीय है। खिलाड़ियों को भविष्य में भी हर स्तर पर आवश्यक सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी देवघर का नाम रोशन करें।”

