SBI ने पागल बाबा आश्रम, जसीडीह में क्षेत्रवासियों के सुविधा हेतु किया नए एटीएम का शुभारंभ
देवघर: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने आज पागल बाबा आश्रम, जसीडीह में एक नए एटीएम का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को एक महत्वपूर्ण सुविधा प्रदान की है।
इस एटीएम का उद्घाटन एसबीआई नेटवर्क झारखंड के महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल और आरबीओ देवघर के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय सम्मानित नागरिक, सामाजिक प्रतिनिधि तथा आश्रम प्रबंधन के सदस्य उपस्थित रहे।

मौके पर एसबीआई नेटवर्क झारखंड के महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी बैंक होने के नाते एसबीआई निरंतर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहा है तथा आधुनिक, सुरक्षित और विश्वसनीय बैंकिंग सेवाओं को जन-जन तक पहुंचा रहा है। नए एटीएम के शुरू होने से पागल बाबा आश्रम परिसर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले उन्हें नकद निकासी के लिए जसीडीह शहर तक लगभग 4–5 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, जो अब पूरी तरह समाप्त हो गई है।
उन्होंने आगे कहा कि एसबीआई हमेशा से अपने ग्राहकों की आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है, और स्थानीय जनता की लंबे समय की मांग को देखते हुए इस स्थान पर एटीएम स्थापित किया गया है, जिससे हजारों लोगों को अब सहज व सुरक्षित बैंकिंग सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा ने कहा कि पागल बाबा आश्रम एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग आते हैं। एटीएम की स्थापना से न केवल आम जनता को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी एसबीआई ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप सेवाओं का विस्तार करता रहेगा।

