कोडरमा (शहर परिक्रमा)

“भारत को जानो” क्विज में पूर्वी भारत के सात राज्यों को पीछे छोड़ डीएवी कोडरमा बना चैंपियन

कोडरमा: पी. वी. एस. एस. डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया के मेधावी छात्र उदय शंकर यादव (कक्षा X) एवं प्रिंस कुमार (कक्षा IX) ने भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “भारत को जानो” क्विज प्रतियोगिता में क्षेत्रीय स्तर (पूर्वी भारत) पर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय को गौरवान्वित किया है।

    जानकारी हो कि यह प्रतियोगिता 7 दिसंबर 2025 को राउरकेला (उड़ीसा) में आयोजित की गई थी, जिसमें पूर्वी भारत के सात राज्यों- बिहार, झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश एवं अंडमान–निकोबार द्वीपसमूह के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता में पूरे देश से लगभग 15 लाख विद्यार्थियों ने सहभागिता की थी।
     प्रश्नों के समक्ष उदय शंकर यादव एवं प्रिंस कुमार ने अपनी बौद्धिक, तार्किक क्षमता एवं आत्मविश्वास का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिभागियों को पराजित किया और चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया।
     इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने प्रार्थना सभा में दोनों विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
     प्राचार्य ने विद्यालय परिवार की ओर से दोनों विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा विद्यालय के कुशल क्विज मास्टर दिनेश कुमार दुबे को इस उल्लेखनीय सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं साधुवाद दिया।
      ज्ञात हो कि अब यह दोनों प्रतिभाशाली विद्यार्थी 11 जनवरी 2026 को पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित होने वाली मेगा ऑल इंडिया फाइनल “भारत को जानो” क्विज प्रतियोगिता में पूर्वी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।