पंचायत स्तरीय सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन
देवघर: देवीपुर प्रखंड के जितजोरी पंचायत अंतर्गत मेझलाडीह मैदान में आज आदर्श लक्ष्य ट्रॉफी — जितजोरी पंचायत स्तरीय सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता सह मैच का भव्य आयोजन देवघर जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। प्रतियोगिता में स्थानीय खिलाड़ियों व ग्रामीण दर्शकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे मैदान में खेल के प्रति उत्साह और जोश का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन फीता काटकर मुख्य अतिथि तथा देवघर जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य उर्फ भईया जी ने किया। आयोजन समिति की ओर से आयोजक सचिन कुमार दास एवं सागर कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि को माला पहनाकर और बुके भेंट कर स्वागत किया। अपने संबोधन में आदर्श लक्ष्य ने कहा कि पंचायत और प्रखंड स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएँ ग्रामीण प्रतिभाओं को एक बड़े मंच से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि देवघर जिले के सभी 196 पंचायतों में सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जहां से चयनित खिलाड़ियों को जनवरी में देवघर कॉलेज मैदान में जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर के श्रेष्ठ खिलाड़ी राज्य स्तरीय, उसके बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता, और अंततः अप्रैल में भूटान में आयोजित इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भाग लेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल को प्रोत्साहित करना युवाओं के भविष्य और जिले की खेल पहचान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। संघ भविष्य में और भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा।
आज की प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें शामिल हुईं — बलथर, शंकरपुर, रामपुर, हथियारा, मेझलाडीह, गिद्धदिया, युवा 11 और हथियारा-2।
पहले चरण के परिणाम: बलथर vs शंकरपुर — विजेता: बलथर, रामपुर vs हथियारा — विजेता: रामपुर, मेझलाडीह vs गिद्धदिया — विजेता: मेझलाडीह, युवा 11 vs हथियारा — विजेता: हथियारा।
सेमीफाइनल मुकाबले: मेझलाडीह vs बलथर — विजेता: मेझलाडीह, रामपुर vs हथियारा — विजेता: हथियारा।
फाइनल मुकाबला मेझलाडीह और हथियारा टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग का जबर्दस्त प्रदर्शन किया। रोमांचक संघर्ष के बाद हथियारा टीम ने मेझलाडीह को 8 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमा लिया।
विजेता हथियारा टीम को मुख्य अतिथि आदर्श लक्ष्य एवं आयोजन समिति द्वारा ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। रनर-अप मेझलाडीह टीम को भी मेडल और सम्मान पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
अंत में आदर्श लक्ष्य ने सभी खिलाड़ियों, दर्शकों, ग्रामीणों एवं आयोजन समिति को धन्यवाद दिया और कहा कि जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ भविष्य में और भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन कर ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करेगा।

