एसबीआई द्वारा ग्राहक जागरूकता शिविर सह अन्नदाता उत्सव का आयोजन
देवघर: सोनारायठाड़ी अंतर्गत जारका–2 पंचायत के बलीडीह मोड़ गांव में सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक की सोनारायठाड़ी शाखा की ओर से ग्राहक जागरूकता शिविर सह अन्नदाता उत्सव का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के किसानों और महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय स्टेट बैंक, क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय, देवघर के मुख्य प्रबंधक शक्ति शेखर मिश्रा, सोनारायठाड़ी शाखा के शाखा प्रबंधक गौरव कुमार तथा पंचायत के वार्ड सदस्य मिथुन दास द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

शिविर को संबोधित करते हुए शक्ति शेखर मिश्रा ने कहा कि किसान ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। समय पर ऋण भुगतान से न केवल उनकी साख बनी रहती है, बल्कि आगे बैंक से सहयोग भी आसानी से मिलता है। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के नवीनीकरण, फसल ऋण और बीमा योजनाओं के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी।
उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के महत्व पर भी बात की। इसके अलावा मुद्रा लोन, पीएमईजीपी, पीएम एफएमई और पीएम विश्वकर्मा योजना के जरिए स्वरोजगार के अवसरों पर भी जानकारी दी गई।
मौके पर भारतीय स्टेट बैंक, देवघर क्षेत्र के रीजनल मैनेजर श्री प्रशांत कुमार झा ने कहा कि “हमारा प्रयास है कि बैंक की योजनाओं का सीधा लाभ गांव तक पहुंचे। समय पर ऋण चुकाने वाले किसान बैंक के भरोसेमंद ग्राहक होते हैं और ऐसे किसान दूसरों के लिए उदाहरण भी बनते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित किसानों में मनोज चौधरी, राजौद्दीन अंसारी, जितेंद्र दास, मिथुन दास और उमेश मंडल शामिल हैं।
शिविर के अंत में बैंक अधिकारियों ने किसानों और महिलाओं से अपील की कि वे बैंक की योजनाओं की जानकारी लेते रहें और किसी भी समस्या के लिए सीधे शाखा से संपर्क करें।

