राष्ट्रीय

SBISA पटना सर्किल की जनरल बॉडी मीटिंग भी रद्द, असंवैधानिक गतिविधियों पर सख्ती

पटना: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन (SBISA) पटना सर्किल में जारी विवादों के बीच संगठन के केंद्रीय नेतृत्व ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पहले ही पटना सर्किल के चुनाव को भारी अनियमितताओं के कारण रद्द किए जाने और तत्कालीन मुख्य चुनाव अधिकारी मंजय कुमार सिंह को पद से हटाए जाने के बाद, अब 28 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित सर्कल जनरल बॉडी / त्रैवार्षिक सम्मेलन को भी असंवैधानिक करार देते हुए रद्द कर दिया गया है।

  एसबीआईएसए के संविधान एवं केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों का हवाला देते हुए महासचिव शशि भूषण सिंह द्वारा जारी ताज़ा पत्र में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में पटना सर्किल में हुई गतिविधियाँ संगठन के नियमों के विपरीत पाई गई थीं। इसी क्रम में यह भी स्पष्ट किया गया है कि रद्द किए गए सम्मेलन में किसी भी प्रकार की भागीदारी को संविधान उल्लंघन माना जाएगा।
       गौरतलब है कि इससे पहले 13 दिसंबर 2025 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में पटना सर्किल के चुनाव को रद्द करते हुए न केवल मुख्य चुनाव अधिकारी बल्कि पूरी चुनाव समिति को हटाया गया था और उनकी सभी शक्तियाँ समाप्त कर दी गई थीं। केंद्रीय नेतृत्व ने तब से लगातार यह रुख अपनाया है कि संगठन में अनुशासन, पारदर्शिता और संविधान की सर्वोच्चता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
    संगठन के सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय नेतृत्व द्वारा आगे की कार्यवाही संविधान के प्रावधानों के तहत की जाएगी, ताकि पटना सर्किल में संगठनात्मक व्यवस्था को पुनः सुदृढ़ और वैधानिक रूप से स्थापित किया जा सके।