देवघर (शहर परिक्रमा)

आजसू पार्टी ने सभी जिलों के लिए बूथ लेवल एजेंट की सूची जारी की

आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो द्वारा भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति हेतु विधानसभा-वार विधानसभा प्रभारियों की सूची विधिवत रूप से जारी की गई है। यह कदम संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

    जारी सूची के अनुसार आजसू पार्टी के देवघर जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य को अतिरिक्त प्रभार देते हुए मधुपुर विधानसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं पार्टी के केंद्रीय सचिव राजा साहनी को देवघर विधानसभा प्रभारी तथा अरुण कुमार महतो को सारठ विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व ने इन नियुक्तियों के माध्यम से देवघर जिला अंतर्गत संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का संदेश दिया है।
    इस संबंध में जारी आदेश की प्रति मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड को भी भेज दी गई है। इसके तहत अब सभी नियुक्त विधानसभा प्रभारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक बूथ पर अपने हस्ताक्षर से बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति कर सकेंगे। बीएलए मतदाता सूची के सत्यापन, संशोधन एवं अद्यतन कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
     इसी दिशा में सभी नामित विधानसभा प्रभारियों द्वारा नगर निकाय चुनाव एवं आगामी पंचायत चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संगठन स्तर पर तेजी से बैठकों का दौर शुरू हो गया है और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
      देवघर जिला अध्यक्ष सह मधुपुर विधानसभा प्रभारी आदर्श लक्ष्य ने कहा कि आजसू पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने पंचायत एवं वार्ड क्षेत्रों में प्रत्येक बूथ के लिए कर्मठ, ईमानदार एवं संगठननिष्ठ लोगों को चिन्हित करें तथा शीघ्र आवेदन प्रस्तुत कराएं, ताकि समयबद्ध तरीके से बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति सुनिश्चित की जा सके।
     उन्होंने आगे कहा कि बीएलए की सशक्त टीम के माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी तथा आगामी नगर निकाय और पंचायत चुनाव में आजसू पार्टी पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच उतरेगी।