देवघर (शहर परिक्रमा)

एकलव्य पब्लिक स्कूल ने धूमधाम से मनाया रजत जयंती सह स्थापना दिवस वर्ष

देवघर: विश्वश्वरैया इंजीनियरिंग कॉलोनी स्थित एकलव्य पब्लिक स्कूल ने धूमधाम से मनाया रजत जयंती सह स्थापना दिवस वर्ष। कार्यक्रम के प्रारम्भ में मुख्य अतिथि, विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव, विशिष्ट अतिथि प्रगतिशील लेखक संघ, देवघर इकाई के अध्यक्ष प्रो. रामनंदन सिंह, विद्यालय की निदेशिका रेखा कुमारी, प्राचार्य राजबर्धन, उप-प्राचार्य हिमांशु शेखर पाण्डेय, पूर्व शिक्षक मर्यादि सिंह, अभिभावक नंद किशोर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन किया।

तत्पश्चात् विद्यालय की निदेशिका रेखा कुमारी ने कहा कि सन 2001 में स्थापित यह विद्यालय साधना, साहस, संस्कार और कर्तव्य की रजत यात्रा में पहुँच चुका है। शिक्षा का दीपक बनकर अंधकार में जन्म लेकर भी समूचे समाज को आलोकित किया। रामनंदन सिंह ने कहा- सन् 2001—यह केवल एक वर्ष नहीं था, यह देवघर की सामाजिक चेतना में अंकित एक संकल्प-क्षण था। 9 जनवरी 2001 तक सलोना टांड, देवघर संसाधनों की सीमाओं, सुविधाओं के अभाव और सामाजिक विषमता से जूझ रहा था। साधारण परिवारों के बच्चों के सपने परिस्थितियों के भार तले दब जाया करते थे। ऐसे समय में राजवर्धन एवं रेखा कुमारी ने शिक्षा के क्षेत्र में वह दीप प्रज्वलित किया, जिसकी लौ आज भी अनवरत आलोकित है- एकलव्य पब्लिक स्कूल, देवघर। मुख्य अतिथि डॉ. देव ने कहा- कमजोर एवं गरीब विद्यार्थियों के लिए यह विद्यालय अनवरत कार्यरत है। यहाँ के विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में हमेशा अपनी पहचान बनाते आ रहे हैं। यहाँ हर निर्धन व सामान्य परिवार का बच्चा भी श्रेष्ठ निजी शिक्षा प्राप्त करता है। कार्यक्रम के दौरान वर्ग पंचम की वैष्णवी व गौरी, वर्ग तृतीय की नंदिता ने नृत्य एवं वर्ग षष्ठ की शिवांगी ने विद्यालय पर अपना भाषण की प्रस्तुति से सबको मंत्रमुग्ध किया।

मंच संचालन हिमांशु पाण्डेय ने किया जबकि पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक निशिकांत शेखर पाण्डेय, राहुल कश्यप, रीता कुमारी, शोभा कुमारी, मीतू सरकार, गायत्री कुमारी, अभिभावक दिलीप कुमार की भूमिका सराहनीय रही।