आजसू पार्टी युवा इकाई द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन
देवघर: आजसू पार्टी की युवा इकाई युवा आजसू के तत्वावधान में देवघर कॉलेज मैदान में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया एवं उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान युवा आजसू के कार्यकर्ताओं द्वारा आजसू पार्टी के देवघर जिला अध्यक्ष सह मधुपुर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी आदर्श लक्ष्य को गुलदस्ता भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
मौके पर उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए आदर्श लक्ष्य ने कहा कि आज राष्ट्रीय युवा दिवस है, लेकिन अत्यंत दुख के साथ कहना पड़ता है कि देवघर के अधिकांश युवा आज विभिन्न प्रकार के नशे की चपेट में आ चुके हैं। दारू, सिगरेट से लेकर गांजा और ब्राउन शुगर जैसे घातक नशों का सेवन लगातार बढ़ रहा है, जो समाज और आने वाले भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि एक ओर जहां अधिकांश युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं, वहीं देवघर जिला में खेल के क्षेत्र में प्रतिभाशाली युवाओं की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित संसाधन, मंच और मार्गदर्शन मिले तो वे जिला, राज्य एवं देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस क्रम में आदर्श लक्ष्य ने झारखंड सरकार एवं देवघर जिला प्रशासन से निम्न मांगें रखीं—
1. देवघर कॉलेज अंतर्गत नवनिर्मित फुटबॉल मैदान का शीघ्र शुभारंभ किया जाए।
2. देवघर जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को नियमित रूप से खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
3. झारखंड सरकार द्वारा विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग स्टेडियम का निर्माण कराया जाए।
4. युवाओं के शारीरिक विकास हेतु ओपन जिम की व्यवस्था की जाए।
5. सरकार द्वारा निर्मित स्विमिंग पूल को शीघ्र प्रारंभ कर स्विमिंग स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा आजसू कार्यकर्ता, छात्र एवं स्थानीय युवा उपस्थित थे। सभी ने स्वामी विवेकानंद जी के विचारों पर चलने तथा नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प लिया।

