देवघर (शहर परिक्रमा)

स्वामी विवेकानंद निबंध लेखन में आकांक्षा जबकि रंगभरो प्रतियोगिता में पूनम अव्वल

देवघर: स्वामी विवेकानंद एक महान आध्यात्मिक गुरु, विचारक और समाज सुधारक थे, जिनका बचपन का नाम नरेंद्र नाथ दत्त था; उन्होंने अपने गुरु रामकृष्ण परमहंस के विचारों का प्रचार किया, भारतीय दर्शन को विश्व में फैलाया, और 1893 के शिकागो धर्म सम्मेलन से वैश्विक पहचान बनाई, जहाँ उन्होंने “अमेरिकी भाइयों और बहनों” से अपने ऐतिहासिक संबोधन से भारतीय संस्कृति का गौरव बढ़ाया; उन्होंने रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन की स्थापना की और युवाओं को प्रेरणा दी, जिससे उनका जन्मदिन भारत में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। उनका जन्म 12 जनवरी, 1863 को हुआ था।

मौके पर स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के बैनर तले विद्यार्थियों के बीच निबंध लेखन एवं रंगभरो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था जिसमें भिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़कर अपनी अपनी भागीदारी निभाई। वर्ग सप्तम से द्वादश तक के विद्यार्थियों के बीच, स्वामी विवेकानंद एवं भारत शीर्षक निबंध लेखन प्रतियोगिता में आशुतोष बालिका उच्च विद्यालय, रोहिणी की आकांक्षा कुमारी को प्रथम, दीनबंधु उच्च विद्यालय की आस्था कुमारी एवं करिश्मा कुमारी को क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। वर्ग पंचम से अष्टम तक विद्यार्थियों के बीच रंगभरो प्रतियोगिता में भारती विद्यापीठ की पूनम कुमारी को प्रथम, दीनबंधु स्कूल के सत्यम केशरी को द्वितीय जबकि आशुतोष विद्यालय की प्राची नवल किशोर पाण्डेय को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है।