देवघर (शहर परिक्रमा)

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने JAP-5 में RO वाटर प्लांट का किया उद्घाटन

देवघर:  स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने झारखंड सशस्त्र पुलिस–5 (JAP-5), देवघर परिसर में 1000 लीटर प्रति घंटे क्षमता वाला अत्याधुनिक RO वाटर प्यूरीफिकेशन प्लांट प्रदान किया। यह पहल परिसर में कार्यरत पुलिस कर्मियों और उनके परिवारजनों को स्वच्छ, सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।

इस कार्यक्रम की शुरुआत समादेष्टा दीपक कुमार और JAP-5 के सभी पुलिस पदाधिकारियों द्वारा मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी का भव्य स्वागत करके की गई। स्वागत में झारखंड के रंग और सांस्कृतिक कलर को शामिल किया गया, जिससे कार्यक्रम और भी भव्य और जीवंत दिखाई दिया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी ने कहा कि “स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का उद्देश्य केवल बैंकिंग तक सीमित नहीं है। हम अपने ग्राहकों और समाज के साथ हर कदम पर खड़े रहते हैं। JAP-5 के जवान दिन-रात समाज और राष्ट्र की सुरक्षा में लगे रहते हैं। उनके और उनके परिवारों की मूलभूत आवश्यकताओं की देखभाल करना हमारा नैतिक और सामाजिक दायित्व है।
JAP 5 के समादेष्टा दीपक कुमार ने कहा कि “हम इस भव्य स्वागत और स्टेट बैंक की इस अनूठी पहल के लिए हृदय से आभारी हैं। लंबे समय से हमारे परिसर में पानी की समस्या बनी हुई थी। इस RO प्लांट से जवानों और उनके परिवारों को सुरक्षित और स्वच्छ पानी की सुविधा मिलेगी।”
इस अवसर पर अनीता तिग्गा जी को उनके दिवंगत पति के खाते के लिए 1 करोड़ रुपये का चेक भी सौंपा गया।
      वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा ने कहा कि “स्थानीय स्तर पर पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। मैंने और मेरी टीम ने इस RO प्लांट को कार्यान्वित करने में सक्रिय भूमिका निभाई है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और JAP-5 के बीच वर्षों से मजबूत और भरोसेमंद संबंध हैं। यह RO प्लांट केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि सहयोग, सम्मान और विश्वास की मिसाल है।”
     कार्यक्रम में महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल और उप महाप्रबंधक एस. सत्यनारायण राव की उपस्थिति भी रही।