साधना भवन में प्रीमियम सेवाओं के लिए SBI wealth का शुभारम्भ
देवघर: भारतीय स्टेट बैंक समूह की प्रीमियम सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एसबीआई वेल्थ का विधिवत शुभारंभ भारतीय स्टेट बैंक, पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा, साधना भवन के पहले तल्ले पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, झारखंड नेटवर्क के महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल, देवघर अंचल के उप महाप्रबंधक एस. सत्यनारायण राव तथा देवघर के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

मौके पर जानकारी दी गई कि एसबीआई वेल्थ हब अब पूरे देवघर ज़ोन सहित संपूर्ण संताल परगना क्षेत्र के हाई-नेटवर्थ इंडिविजुअल (HNI) ग्राहकों को प्रीमियम रिलेशनशिप बैंकिंग सेवाएँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराएगा। वेल्थ हब ने अपने संचालन की शुरुआत के साथ ही 125 करोड़ रुपये से अधिक के एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) का व्यवसाय अर्जित किया है तथा अब तक 300+ ग्राहकों को ऑनबोर्ड किया गया है, जिनमें से 100+ ग्राहक बैंक के लिए नए हैं।

प्रदर्शन के आधार पर देवघर वेल्थ हब ने सर्किल स्तर पर 48 वेल्थ हब में 5वाँ स्थान तथा अखिल भारतीय स्तर पर 1077 वेल्थ हब में 42वाँ स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है।
मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी ने कहा, “एसबीआई समूह का उद्देश्य ग्राहकों को एक ही मंच पर बैंकिंग और निवेश से जुड़ी विश्वसनीय एवं आधुनिक सेवाएँ प्रदान करना है। एसबीआई वेल्थ के माध्यम से ग्राहकों को निवेश परामर्श, पोर्टफोलियो मैनेजमेंट, म्यूचुअल फंड, रिटायरमेंट प्लानिंग तथा टैक्स-एफिशिएंट सॉल्यूशंस जैसी सेवाएँ समर्पित रिलेशनशिप मैनेजर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती हैं। अब ग्राहक को व्यक्तिगत सेवाएँ, उनके बैंकिंग आवश्यकताओं के लिए एक रिलेशनशिप मैनेजर और एक ही छत के नीचे बैंकिंग व निवेश की सुविधा मिलती है। इसके तहत, जिन ग्राहकों का एसबीआई में बैंकिंग रिलेशन 50 लाख रुपये और उससे ऊपर है, उन्हें वेल्थ सेवाओं में ऑनबोर्ड किया जाएगा।”
महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल ने कहा, “झारखंड नेटवर्क में एसबीआई वेल्थ का विस्तार क्षेत्र में निवेश संस्कृति को मजबूत करेगा और ग्राहकों को संगठित एवं दीर्घकालिक वित्तीय योजना से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगा।”
उप महाप्रबंधक एस. सत्यनारायण राव ने कहा, “देवघर वेल्थ हब की शुरुआती उपलब्धियाँ इस बात का प्रमाण हैं कि क्षेत्र के ग्राहक अब पेशेवर और सुरक्षित निवेश समाधानों को प्राथमिकता दे रहे हैं।”
क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा ने कहा, “एसबीआई वेल्थ के शुभारंभ से देवघर एवं संताल परगना क्षेत्र के ग्राहकों को बैंकिंग और निवेश की संपूर्ण सुविधाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। यह कदम न केवल क्षेत्र के संपन्न ग्राहकों को महानगरों जैसी प्रीमियम वित्तीय सुविधाएँ प्रदान करेगा, बल्कि संताल परगना क्षेत्र में वित्तीय जागरूकता, निवेश संस्कृति और आर्थिक विकास को भी नई गति देगा।”

