देवघर (शहर परिक्रमा)

हिंदी विद्यापीठ में कार्यकारिणी सदस्य के निधन पर शोक

देवघर: हिंदी विद्यापीठ प्रबंध परिषद के कार्यकारिणी सदस्य मोतीलाल द्वारी के असामयिक निधन पर विद्यापीठ परिवार ने शोक व्यक्त किया। इस संदर्भ में विद्यापीठ के वर्तमान व्यवस्थापक अशोकानंद झा के अगुवायी में एक शोकसभा का आयोजन किया गया।

    संस्थान के मुख्य भवन में आयोजित इस शोक सभा कार्यक्रम में स्व.मोतीलाल द्वारी की तस्वीर पर पुष्पांजलि किया गया। इस दौरान व्यवस्थाक अशोकानंद झा ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि द्वारी जी हमारे प्रबंध परिषद कार्यकारिणी समिति के वरीय सदस्य थे। वे विद्वान व शिक्षाविद थे। साथ ही वे अपने कर्तव्यों के प्रति हमेशा सजग रहते थे। उनकी कर्तव्यपरायणता से हमलोग काफी प्रभावित रहते थे। उनके निधन से जहां एक ओर विद्यापीठ परिवार दुखी है, वहीं दूसरी ओर उनके नहीं रहने से समाज को भी अपूरणीय क्षति हुई है। स्व.द्वारी जी शिक्षण कार्यो के अलावा सामाजिक कार्यो में भी हमेशा बाद चढ़कर भाग लेते थे। उनकी कमी हमेशा खलेगी।
    अंत मे श्री झा ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने व शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में आत्मबल प्रदान करने की प्रार्थना की। इस बीच संस्थान के कोषाध्यक्ष रमेश बाजला ने भी दुःख व्यक्त की। साथ ही कहा कि द्वारी जी से प्रबंध परिषद को उनके विचारों से अनेक लाभ मिले। वे विद्यापीठ प्रबंध परिषद के हमेशा आदरणीय सदस्य रहे।
   मौके पर संस्थान के कुलसचिव कौशल किशोर ठाकुर, प्राचार्य डॉ. संजय कुमार खवाड़े समेत विद्यापीठ परिवार के सारे अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत मे कार्यालय में एक दिन के लिए अवकाश की घोषणा कर दी गई।