कोडरमा (शहर परिक्रमा)

डीएवी कोडरमा में 77 वाँ गणतंत्र दिवस धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया


कोडरमा: पी वी एस एस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया,कोडरमा में 77वाँ गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समस्त गण मान्य अतिथियों के साथ विद्यालय के प्राचार्य द्वारा तिरंगे ध्वज को फहराकर आन- मान- शान से आकाश में लहराने वाले तिरंगे ध्वज को सलामी दी। झंडोत्तोलन के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। मुख्य अतिथि, प्राचार्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने मार्च पास्ट का निरीक्षण किया । चारों सदनों (दयानंद, विवेकानंद , रामकृष्ण, एवं राजाराममोहन राय) के छात्रों एवं एनसीसी कैडेट्स ने मार्च पास्ट कर तिरंगे झंडे को सलामी दी। इसके बाद चारों सदनों के बच्चों द्वारा आत्मनिर्भर भारत पर आकर्षक व मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई जिसमें बच्चों ने देश की आत्मनिर्भरता, समृद्धि, ताकत, एकता व अखंडता को दिखाया।

दयानंद सदन ने विद्युत उत्पादन, विवेकानंद सदन ने कृषि प्रधान देश की अर्थव्यवस्था, रामकृष्ण सदन ने पर्यावरण प्रदूषण एवं राजा राममोहन सदन ने महिला सशक्तिकरण पर सुंदर झांकी प्रस्तुत कर दिखाया कि हमारा देश किसी भी देश से पीछे नहीं है। कोई भी देश हमारी तरफ आँख उठा कर नहीं देख सकता। हम एक थे, एक हैं और एक रहेंगे ।
गणतंत्र दिवस के शुभावसर पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह, मुख्य अतिथि डॉ. संदीप कुमार सिंह सदर अस्पताल कोडरमा, विशिष्ट अतिथि डॉ. नरेश पंडित, सेवानिवृत्त डिपुटी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस माधव राम भार्गव, मिसेज भार्गव, संजीवन सिंह परमार, कमलजीत सिंह परमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं संविधान निर्माता डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की एवं अमर जवान ज्योति पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया। प्राचार्य ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने गणतंत्र दिवस के शुभावसर पर विद्यालय परिवार की तरफ से सभी बच्चों, अभिभावकों, शिक्षक- शिक्षिकाओं तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारा देश विश्व का एक महान देश है। आज हम सभी लोग देश का 77वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। यह हमारा राष्ट्रीय पर्व है। इस दिन हम सब भारतीयों को अपने देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले अमर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करना चाहिए। इसी दिन हमारे देश का संविधान लागू हुआ था और भारत देश एक लोकतांत्रिक संप्रभु तथा गणतंत्र घोषित किया गया था।
उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी बच्चों से संविधान के आदर्शों -न्याय, समानता और स्वतंत्रता का पालन करने की प्रेरणा दी। हमारा देश विश्व की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है जिसमें बहुरंगी विविधता और समृद्ध विरासत है। आजादी के बाद हमारे देश ने बहुआयामी सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति की है। हमें देश पर प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को कभी नहीं भूलना चाहिए।
डॉ. नरेश पंडित ने सभी बच्चों को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हम सभी को आपसी सामंजस्य व भाई-चारे के साथ मनाना चाहिए । सेवानिवृत्त डिपुटी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस माधव राम भार्गव ने सभी बच्चों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी उन्होंने कहा कि यह विद्यालय बच्चों को उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर देश के विशिष्ट पदों पर सेवा का अवसर प्रदान कर रहा है । आज यह विद्यालय महान वट वृक्ष बन चुका है।
मुख्य अतिथि डॉ संदीप कुमार सिंह ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा देश आज धूम-धाम से गणतंत्र दिवस मना रहा है । आज हमें देश के उन सपूतों को याद करना चाहिए जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपनी कुर्बानी दी । हमारा संविधान देश के नागरिकों को लोकतांत्रिक ढंग से अपनी सरकार चुनने का अधिकार देता है । हमें हमेशा एकता समानता और राष्ट्र के प्रति सम्मान के मूल्यों का पालन करना चाहिए। हम कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन चुके हैं तथा दुनिया की सबसे औद्योगिकृत देशों की श्रेणी में अपना अहम स्थान बना चुके हैं। हमें अपने देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए प्रतिबद्ध होना पड़ेगा तभी देश विकास के पथ पर अग्रसर हो पाएगा।
इस अवसर पर बच्चों ने विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों को प्रस्तुत किया। शांभवी, उज्ज्वल भारती, अनाया ग्रुप ने राजस्थान की संस्कृति और वेशभूषा पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं पर अर्पिता, अन्वी ग्रुप ने सुंदर बंगाली नृत्य, नव्या कुमुद, आर्वी ग्रुप ने एवं आभ्या ग्रुप ने सुंदर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया ।उपांशु एण्ड ने ‘जागो रे जागो भारत’ राष्ट्रगीत के द्वारा लोगों के अंदर देशभक्ति की भावना जागृत की ।अदिति, नैंसी, आकृति ने सुंदर पंजाबी नृत्य से पंजाब प्रांत की संस्कृति इतिहास एवं परंपरा की झलक प्रस्तुत की। अंतरा मुखर्जी ने एकल नृत्य प्रस्तुत किया।सौम्या, सोनी ग्रुप ने सुंदर व आकर्षक एरोबिक के द्वारा देश की अनेकता में एकता की झलक को प्रदर्शित किया। नव्या निर्मल, खुशी ग्रुप ने महिला सशक्तिकरण ऐक्ट पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर दिखाया कि महिलाएं सशक्त व आत्म निर्भर होकर समाज को नया आयाम दे सकती हैं।
किड्स ग्रुप के बच्चों ने स्टेज पर रैंप वाक कर अनेकता में एकता प्रदर्शित की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने नेशनल एस्ट्रोनॉमी साइंस ओलंपियाड में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले तन्मय सिंह, आरुष राज, संध्या सिंह, नितीश कुमार मिश्रा को गोल्ड मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान किया। वहीं पर भारत विकास परिषद द्वारा पुणे में नेशनल स्तर पर क्विज कंपटीशन में भाग लेने वाले उदय शंकर, प्रिंस कुमार, शुभम कुमार एवं श्रेष्ठ वर्मा को मेडल, ट्रॉफी एवं सर्टिफिकेट प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।
धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक कुमार सतीश सिंह ने किया। मंच संचालन कृत्तिका देबनाथ एवं श्रेयशी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं का योगदान रहा।