देवघर पुस्तक मेला में ‘बाल संसद’ का किया गया आयोजन
देवघर: बीएड कॉलेज के प्रांगण में आयोजित देवघर पुस्तक मेला में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के द्वारा बाल संसद का आयोजन किया गया। उपस्थित गणमान्य अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा राष्ट्रीयगान से इस बाल संसद की शुरुआत की गई । बाल संसद की समन्वयक डिवाईन पब्लिक स्कूल 10+2 की प्राचार्या डॉ. ममता किरण एवं राकेश राय के द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत की गई। डाॅ. ममता किरण ने सभी लोगों को सम्बोधित करते हुए उनका स्वागत किया तथा बाल संसद में भाग ले रहे सभी विद्यालय के बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए कार्यक्रम का आगाज किया ।

बाल संसद को दो दलों में बाँटा गया जिसमें पक्ष एवं विपक्ष मौजूद थे। बाल संसद के माध्यम से सदनात्मक कार्रवाई को दर्शाने का काम किया गया जिससे बच्चे सदन की कार्रवाई को समझ सकें। पक्ष में प्रधानमंत्री पद के साथ ही विभिन्न मंत्रालयों को दिखाया गया, विपक्ष में नेता प्रतिपक्ष के साथ ही विभिन्न नेताओं को शामिल किया गया जिसमें बच्चे श्वेत परिधानों में शामिल होकर बाल संसद को जीवंत रूप प्रदान कर रहे थे। संसद की सुरक्षा के लिए पुलिस की वर्दी में बाल सुरक्षा प्रहरी की भी नियुक्ति की गई थी।

इस बाल संसद में अध्यक्ष के रूप में डिवाईन पब्लिक स्कूल के आदित्य, प्रधानमंत्री की भूमिका में डिवाईन पब्लिक स्कूल के अदिति किरण, संसद के सचिव के रूप में जसीडीह पब्लिक स्कूल के आदित्य कुमार, नेता प्रतिपक्ष के रूप में संत माइकल स्कूल के ईशान प्रतीक ने अपनी-अपनी भूमिका बखूबी निभाई। इस बाल संसद में देश से जुड़े वर्तमान मुद्दों पर विपक्ष लगातार सत्ता पक्ष से गंभीर सवाल पूछ रहा था जिसका जवाब सत्ता पक्ष भी बड़े ही गंभीरता पूर्वक और ऊर्जावान तरीके से दे रहा था। इस बाल संसद की रोचकता का अनुमान इस बात से ही लगाई जा सकती कि विभिन्न विद्यालय से आये बच्चे पुरे संसद काल के दौरान अपने-अपने स्थानों पर शान्ति के साथ बैठे रहे और विपक्ष द्वारा लगातर किये जा रहे सवालों और सत्ता पक्ष के विभिन्न मंत्रालयों के द्वारा दिए जा रहे उत्तरों को सुनकर जोरदार तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपना समर्थन दे रहे थे। जो की इस बाल संसद की सफलता को भी प्रदर्शित करता है। इस बाल संसद का आयोजन दो दिवसीय रखा गया है । जो दिनांक 28/01/2026 और 29/01/2026 को होना है। आज के इस बाल संसद में कल भाग लेने वाले प्रतिभागी बच्चे भी शामिल थे जिन्होंने इस कार्यक्रम से बहुत कुछ सीखा। विपक्ष, सत्ता पक्ष से लगातार एक के बाद एक ज्वलंत मुद्दों पर प्रश्न कर रहा था जिसमें नागरिकों की स्वास्थ्य समस्याओं, शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं, नागरिक व सामाजिक सुरक्षा, देश की वर्तमान वित्तीय स्थिति, क़ृषि क्षेत्र व किसानों से जुड़ी समस्याओं, खेल क्षेत्र, रेलवे की सुरक्षा व समस्याओं, महिला सशक्तिकरण के दिशा में सरकार की योजनाओं व समस्याओं, पेयजल पर सरकार की योजनाओं व समस्याओं, पड़ोसी देशों के साथ भारत के संबंध, पर्यटन व आतंकवाद आदि से जुड़े कई गंभीर सवाल शामिल रहे।
बाल संसद में डिवाईन पब्लिक स्कूल, जसीडीह पब्लिक स्कूल, तक्षशीला विद्यापीठ, ब्लू बेल्स, भारती विद्यापीठ, आर एल सर्राफ, संत माइकल, के बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में बाल संसद की समन्वयक डिवाईन पब्लिक स्कूल 10+2 की प्राचार्या डॉ. ममता किरण ने कार्यक्रम में भागीदारी के लिए सभी बच्चों का धन्यवाद किया साथ ही कल आयोजित होने वाले बाल संसद में भाग ले रहे बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें शुभकामनायें दीं। वन्दे मातरम के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

