देवघर (शहर परिक्रमा)

हिंदी विद्यापीठ B..Ed कॉलेज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

देवघर: हिंदी विद्यापीठ कॉलेज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन बड़े ही उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया । इस कार्यक्रम का उद्घाटन अध्यक्ष अशोकानंद झा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि माननीय कुलपति हिंदी विद्यापीठ डॉ. प्रमोदनी हांसदा और उपप्राचार्य डॉ. रितु रानी उपस्थित रही।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम महाविद्यालय की उप प्राचार्य द्वारा अध्यक्ष एवं कुलपति का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट से हुआ जिसमें विद्यार्थियों की एकता, अनुशासन एवं खेल भावना को दर्शाया गया। तत्पश्चात अध्यक्ष के द्वारा खेल ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात अध्यक्ष एवं कुलपति द्वारा खेल मशाल का प्रज्वलन किया गया । उसके बाद विद्यार्थियों ने खेल मशाल लेकर पूरे खेल मैदान का चक्कर लगाया, जो उत्साह, ऊर्जा एवं खेलों की सच्ची भावना का प्रतीक रहा ।

यह वार्षिक खेल कूद प्रतियोगिता तीन दिनों तक आयोजित की गई । जिसमें विभिन्न प्रकार के आउटडोर खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हुए । प्रमुख खेलों में 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, रिले रेस, भाला फेंक, गोला फेंक, चक्का फेंक, खो खो , कबड्डी तथा रस्साकसी शामिल रही। अध्यक्ष की विशेष प्रेरणा पर एक विशेष खेल का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी पुरुष स्टाफ सदस्यों की सहभागिता अनिवार्य की गई । इसके अंतर्गत स्टाफ सदस्यों के लिए फास्ट रन प्रतियोगिता आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया ।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अध्यक्ष अशोकानंद झा एवं माननीय कुलपति डॉ प्रमोदिनी हांसदा के हाथों प्रमाण पत्र, ट्राफी एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय प्रबंधन ने आयोजन समिति, शिक्षकों, खेल शिक्षक एवं विद्यार्थियों के समर्पित प्रयासों की भूरि भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ ।